नारायण दत्त तिवारी ने रुड़की में रखी थी उद्योगों की नींव

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे एनडी तिवारी को विकास पुरुष के तौर पर याद किया जाता है। उन्होंने रुड़की क्षेत्र में कई औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना की। उनके कार्यकाल में बने औद्योगिक क्षेत्रों में आज हजारों लोग काम कर रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश कौशिक ने बताया कि एनडी तिवारी के मुख्यमंत्री रहते ही रुड़की में उद्योग आए। एनडी तिवारी के करीबी रहे पूर्व पालिकाध्यक्ष ने बताया कि 2002 में एनडी तिवारी को मुख्यमंत्री बने हुए कुछ ही समय हुआ था। वह उनके साथ दिल्ली से कार से वापस आ रहे थे। रात को करीब 11 बजे उन्होंने नारसन तिराहे पर गाड़ी रुकवा दी। उन्होंने गाड़ी रुकवाने का कारण पूछा तो एनडी तिवारी ने कहा कि रात के समय ही जनता की समस्या का पता चलता है। उन्होंने जनता से समस्या पूछी। जो समस्या बताई गई मौके पर ही उसे हल करने के आदेश दिए। बताया कि रात डेढ़ बजे लखनौता चौक पर भी वह रुक गए। उनके आने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग आ गए। उन्होंने रात को ही समस्या सुनी। पूर्व पालिकाध्यक्ष का कहना है कि एनडी तिवारी गाड़ी के बोनट पर ही कागज रखकर लोगों की समस्याओं के समाधान का आदेश अधिकारियों को देते थे। रुड़की में विकास कार्यों के लिए उन्होंने कई योजनाएं स्वीकृत की। निगम का ऑडिटोरियम भी बनवाया।  पूर्व राज्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोहर लाल शर्मा का कहना है कि एनडी तिवारी दूरदृष्टि वाले नेता थे। वह बेहद ही सहज और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। वह बेहद आध्यात्मिक थे।  उनका व्यक्तित्व इतना विराट था कि उनके एक फोन पर उद्योगपति यहां उद्योग लगाने आए। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कलीम खान, निवर्तमान मेयर यशपाल राणा ने भी निधन पर शोक जताया।

विकास को गति देने में रही महत्वपूर्ण भूमिका 
लक्सर क्षेत्र के विकास को गति देने में पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में ही यहां औद्योगिक इकाइयां लगनी शुरू हुई। जिसमें कई लोगों को रोजगार मिला हुआ है। गुरुवार को उनके निधन का समाचार सुनकर उनके समर्थक शोक में डूब गए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी सत्यवीर, धर्मपाल सिंह, डॉ. उमादत्त शर्मा, मास्टर नकली राम, मनोहर लाल खन्ना, पूर्व चेयरमैन जगदेव सिंह का कहना है कि एनडी तिवारी का व्यक्तित्व विराट था। उनकी जितनी पकड़ राजनीति पर थी उतने ही वह कुशल प्रशासक थे। यूपी जैसे बड़े राज्य में वह मुख्यमंत्री रहे। उनकी समझ सभी मामलों में बराबर थी। उन्हें पता था कि प्रदेश को विकास की राह पर कैसे ले जाना है। औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना कर उन्होंने अपने दूरदृष्टा होने की बात साबित की थी। वह आम जनता के बीच पहुंच जाते थे। उनके निधन से राजनीति में एक युग समाप्त हो गया।