*पत्नी से विवाद के चलते दामाद ने साथियों के साथ मिलकर*

*पत्नी से विवाद के चलते दामाद ने साथियों के साथ मिलकर*

 

*ससुर की गोली मारकर कर दी हत्या*

 

*हमलावर कार में सवार थे, वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार*

 

 

*लोनी 30 जनवरी।* पत्नी से विवाद के चलते दामाद ने साथियों के साथ मिलकर ससुर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। यह वारदात शनिवार अलसुबह लोनी थाने के कोतवालपुर गांव में हुई। हमलावर कार में सवार थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। परिजनों ने दामाद एवं उसके तीन अज्ञात साथियों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का प्रसास कर रही है। लोनी थाने के कोतवालपुर गांव निवासी 66 वर्षीय श्योराज सिंह पुत्र स्व. रिसाल सिंह डीडीए के सेवानिवृत्त क्लर्क थे।

 

शनिवार सुबह करीब तीन बजे श्योराज सिंह घर में मुख्य दरवाजे के पास स्थित बैठक में सो रहे थे। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार सवार चार बदमाश उनके घर के बाहर पहुंचे और श्योराज सिंह को आवाज लगाई जैसे ही श्योराज सिंह ने दरवाजा खोला बदमाशों ने उनके ऊपर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। छाती व पेट में तीन गोलियां लगने के बाद वह मौके पर ही लहूलुहान अवस्था में गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए तो कार सवार चारों बदमाश भाग निकले। परिजन उन्हें उपचार के लिए गाजियाबाद के नरेन्द्र मोहन अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे विनोद का आरोप है कि उनकी बहन पिंकी का अपने पति त्रिलोक चंद भाटी से विवाद चल रहा है। त्रिलोक चंद भाटी ने ही अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उनके पिता की हत्या की है। विनोद ने त्रिलोक चंद भाटी एवं उसके तीन अज्ञात साथियों के विरुद्ध लोनी थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। लोनी थाना प्रभारी ओपी सिंह का कहना है कि त्रिलोक चंद भाटी एवं उसके तीन अज्ञात साथियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

श्योराज सिंह उनके परिवार में पत्नी रामपाली के अलावा बेटे सनोज कुमार सीआईएसएफ में हवलदार हैं तथा छोटा बेटा विनोद ठेकेदार है जबकि तीन बेटियां शादीशुदा हैं। उनकी बेटी पिंकी की करीब 13 वर्ष पूर्व करावलनगर दिल्ली निवासी त्रिलोकचंद भाटी पुत्र सुभाष भाटी के साथ शादी हुई थी। गत करीब तीन चार वर्षों से पिंकी का पति से मनमुटाव चल रहा है। गत तीन माह से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था और तीन दिन पूर्व पिंकी मायके आ गई थी। बताया जा रहा है कि पिंकी से विवाद के चलते त्रिलोकचंद भाटी को उसके पिता ने संबंध विच्छेद कर घर से अलग कर दिया था। पति पत्नी का यही विवाद श्योराज सिंह की हत्या का कारण माना जा रहा है। श्योराज जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुके थे। गांव के लोग उन्हे श्योराज नेताजी के नाम से बुलाते थे।