*भाजपा नेता की हत्या का प्रयास, कंधे के नीचे गोली लगने से घायल*

*भाजपा नेता की हत्या का प्रयास, कंधे के नीचे गोली लगने से घायल*

मैनपुरी, 19 जून। राजनीति में इन दिनों प्रतिद्वंद्विता जानलेवा होती जा रही है। मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी के नेता को शनिवार रात की हत्या का प्रयास किया गया। बाइक से आए हमलावरों ने भाजपा नेता गौतम कठेरिया को गोली मार दी। उनको तत्काल ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर है। गौतम कठेरिया का आरोप है कि भोगांव के पूर्व चेयरमैन ने हमला करवाया है। पुलिस इस प्रकरण की जांच में लग गई है।

मैनपुरी में भाजपा अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौतम कठेरिया निवासी भोगांव शनिवार शाम किसी काम से मैनपुरी शहर आए थे। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे बाइक से वापस लौट रहे थे। मैनपुरी भोगांव मार्ग पर गांव ललूपुरा के पास हमलावरों ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी।

एक बाइक पर सवार दो लोगों ने आकर कठेरिया पर गोलियां चला दीं। कंधे के नीचे गोली लगने से वह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। गौतम कठेरिया ने भोगांव के पूर्व चेयरमैन अकबर कुरैशी के साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। गोली लगने के बाद कठेरिया को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मैनपुरी के एसपी कमलेश दीक्षित ने कहा कि हमने जांच शुरू कर दी है और विवरण प्राप्त कर रहे हैं। जैसे ही हम संदिग्धों को पकड़ेंगे, हम कार्रवाई करेंगे। इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह ने बताया कि भाजपा के नेता की हालत खतरे से बाहर है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।