*दरोगा के निर्माणाधीन मकान की छत गिरी,*

*दरोगा के निर्माणाधीन मकान की छत गिरी,*

*मलबे में दबने से 4 गंभीर घायल*

गाजियाबाद, 09 मई। दिल्ली के समीप गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में सोमवार को दरोगा के निर्माणाधीन मकान की छत एकाएक भरभरा कर गिर पड़ी। ऐसे में जोरदार धमाके की आवाज से आस-पास के नागरिकों में हड़कंप मच गया। 4 नागरिक मलबे में दबने से घायल हो गए। सभी को आनन-फानन में मलबे से निकाल कर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया। घटना के संबंध में कोई लिखित शिकायत मिलने से पुलिस ने इंकार किया है। लोनी थानांतर्गत रामपार्क कॉलोनी में दोपहर के समय यह घटनाक्रम प्रकाश में आया है।

पुलिस के मुताबिक रामपार्क में दरोगा राजबीर सिंह की भूमि है। वह दिल्ली पुलिस में तैनात हैं। इस भूमि पर पिछले कुछ दिनों से मकान का निर्माण कराया जा रहा है। 3 कामगार सोमवार को पहली मंजिल पर गाटर डालने में जुटे थे। मकान के कुछ हिस्से में गाटर-सिल्ली डालने का काम निपट चुका था। दूसरे हिस्से में यह काम कराया गया था। ऐसे में दूसरे हिस्से की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। इस बीच भवन स्वामी और 3 कामगार मलबे में दब गए। मलबा गिरने पर धमाके की आवाज होने से आस-पास के नागरिक सहम गए। शोर-शराबा मचने पर वहां काफी संख्या में नागरिक आ पहुंचे।

जिन्होंने मलबे में दबे सभी पीड़ितों को बाहर निकाल कर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चारों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। उधर, हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर घटनाक्रम की जानकारी ली।

लोनी के पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार उपाध्याय का कहना है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। कामगारों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने अपने स्तर से जांच आरंभ कर दी है। लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि गाजियाबाद में आए दिन इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं।