*मातम में बदला शादी का जश्न, मामूली झगड़े के बाद एक रिश्तेदार ने दूसरे के सीने में दाग दी गोली*

*मातम में बदला शादी का जश्न, मामूली झगड़े के बाद एक रिश्तेदार ने दूसरे के सीने में दाग दी गोली*

नई दिल्ली। अलीपुर इलाके में शनिवार देर रात शादी समारोह में विवाद की वजह से एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी समारोह में नृत्य के दौरान पिस्टल दिखा रहा था, जिसकी वजह से विवाद बढ़ा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय सुनील चौहान पल्ला गांव का रहने वाला था। वह पल्ला स्थित शिव गार्डन में तेजप्रकाश की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीजे पर आरोपी संजय नृत्य कर रहा था। वह बार-बार अपनी लाइसेंसी पिस्तौल सुनील को दिखाते हुए भद्दी भावभंगिमा बना रहा था। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद सुनील अपने दोस्त अंकित चौहान के साथ घर लौट रहा था। अभी वे फौजी टेंट हाउस के सामने पहुंचे थे, तभी संजय उनके आगे आकर खड़ा हो गया। उसने सुनील के सीने में एक गोली मारी और दो से तीन राउंड हवा में फायरिंग कर फरार हो गया। परिजनों ने सुनील को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने हत्या एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही एसीपी बादली विवेक भगत की देखरेख में इंस्पेक्टर रवि सिंह की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने रविवार दोपहर को आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया है कि संजय तंवर को शक था कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध सुनील से हैं। इसी वजह से छह माह पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों के बीच बचाव की वजह से मामला शांत हो गया था, लेकिन शनिवार को शराब के नशे में धुत दोनों युवकों के बीच फिर से विवाद बढ़ गया।