पुजारी की गोली मारकर हत्या

पुजारी की गोली मारकर हत्या

आरा, 11 सितंबर। भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के हसन बाजार ओपी इलाके से जुड़े गांव जमुनीपुर में शुक्रवार की आधी रात को अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने एक बुजुर्ग पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नही चल पाया है। बुजुर्ग पुजारी की अपराधियों ने तब हत्या की जब वे अपने गांव के मड़ाई में स्थित मचान पर सो रहे थे।

आधी रात के लगभग हथियार से अपराधियों ने मड़ई में धावा बोलकर बुजुर्ग पुजारी को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।हालांकि गोली मारने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग घटना स्थल पर जुट गए और आनन फानन में घायल पुजारी को पीरो के अनुमण्डलीय अस्पताल में ले जाने का प्रयास भी किया किन्तु पुजारी ने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया। बुजुर्ग पुजारी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस के पहुंचने के पहले काफी संख्या में आसपास के ग्रामीण जुट गए। बताया जाता है कि पुजारी को बाएं तरफ सीने में गोली मारी गई है।

ग्रामीणों द्वारा स्थानीय थाना को दिए जाने के बाद हसन बाजार ओपी की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और पुजारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा।

हसन बाजार ओपी के प्रभारी शिवेन्द्र कुमार ने शनिवार को बताया कि पुजारी की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में किया इसकी जांच चल रही है।अभी तक कोई खास जानकारी हासिल नही हो सकी है किंटी जल्द ही हत्यारो का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मृतक बुजुर्ग पुजारी मूल रूप से रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मुंजी गांव निवासी स्व.टुकारी सिंह के पुत्र रामचंद्र सिंह (65)थे। उन्होंने बताया कि वे विगत कई वर्षो से हसन बाजार ओपी क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में अपने ससुराल में रह रहे थे।

मृतक पुजारी के साथ साथ झाड़-फूंक का काम भी करते थे और इसी कारण आसपास के लोगो मे उनकी अच्छी पकड़ थी।

पुजारी की हत्या से उनके घर में कोहराम मच गया है। हत्या के बाद मृतक की पत्नी राजमुना देवी और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुजारी की हत्या से गांव में भी शोक की लहर है और लोग इस हत्या के कारणों और अपराधियों के बारे में जानने को बेचैन हैं।

‘हिन्द वतन’ समाचार की रिपोर्ट*