अलवर में पांच दिन से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी, तापमान भी लुढ़का

अलवर में पांच दिन से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी, तापमान भी लुढ़का

अलवर, 04 सितंबर। जिले में जन्माष्टमी से लगातार रुक रुककर बरसात हो रही है। जिस कारण तापमान में कमी आई है। बारिश होने से लोगों को एक सप्ताह पहले हो रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। अलवर का तापमान शनिवार की सुबह अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से रुक रुककर बरसात होती रही तो वहीं एक दिन पहले ठंडी हवाएं चलती रही। बारिश से जिले का मौसम सुहावना हो गया है। पहाड़ों में हरियाली छा गई।

नदी, नालों और बांधो में पानी की आवक होने लगी है। गौरतलब है कि सावन के शुरुआती 2 सप्ताह जिले में जमकर बरसात हुई। जिससे सदियों से सूखे पड़े बांध व नदियों में जबरदस्त पानी की आवक हुई थी। इसके बाद करीब 2 सप्ताह सूखे निकले। जिससे उमस भरी गर्मी हो गई थी। सूरज की तपन इतनी अधिक थी कि लोग परेशान होते नजर आए लेकिन अब जन्माष्टमी से लगातार रुक रुककर जिले में बरसात हो रही है।

जिले में तापमान की अधिकता के कारण लोग गर्मी से परेशान थे। शहर सहित जिले के कई एरियो में पानी की कमी हो रही थी। परेशान लोग रोजाना रोड़ जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि अब बारिश के बाद तापमान में कमी और पानी की किल्लत में कमी आई है। इसका सबसे बड़ा प्रमुख कारण है कि ठंडा मौसम होने के कारण घरों में लगे कूलर बंद हो गए है। जो सबसे ज्यादा पानी की खपत बड़ा रहे थे।