मुख्यमंत्री ने लगाई दौड़, बोले- अभावों में नहीं दबेगी प्रतिभा

देहरादून, 29 अगस्त (वेब वार्ता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार सुबह गांधी पार्क से ‘नीरज चोपड़ा ग्लोरी क्रास कंट्री रन’ को फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने वाली नई खेल नीति लाकर खेल को और बढ़ावा देगी।

 

राष्ट्रीय खेल दिवस के के मौके पर खेल विभाग उत्तराखण्ड और उत्तराखण्ड एथलेटिक्स संघ की ओर से क्रास कंट्री रन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री ने भी जाॅगिंग करते हुए प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने हाॅकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का स्मरण करते हुए खेल दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकार की नई खेल नीति लाएगी, जिसमें खिलाड़ियों को तैयारी के लिए संसाधनों की कमी न रहे। राज्य सरकार की कोशिश है कि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए। अभावों के कारण खेल प्रतिभा दबी न रहे। सभी को आगे बढ़ने के लिए मौके मिलेंगे। इसके लिए सरकार की ओर से कोई कमी नहीं की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों ओलम्पिक में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन हम सभी को गौरवान्वित करने वाला रहा है। खेल भावना सर्वोपरि है। जीवन के हर क्षेत्र में स्पोर्ट्समैनशिप होनी चाहिये। जीवन में भी खेल की तरह कभी आगे बढते हैं। कभी पीछे हटते हैं। जीवन में बहुत से अभावों का सामना करना पड़ता है। परन्तु अगर हम ठान लें और संकल्प लेकर प्रयास करें तो सफलता जरूर मिलती है। मेहनत करने से मंजिल मिलती है। अगर संकल्प लिया है तो दूसरे विकल्प के बारे में नहीं सोचना चाहिए। मन में उत्साह होना चाहिए। उत्साह है तो ऊर्जा है। इस मौके पर काबीना मंत्री गणेश जोशी, राजपुर विधायक खजानदास, मेयर सुनील उनियाल गामा, खेल विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।