छेड़खानी के बाद दो पक्षों में चाकूबाजी, चार घायल…

छेड़खानी के बाद दो पक्षों में चाकूबाजी, चार घायल…

नई दिल्ली। तैमूर नगर में सोमवार रात छेड़खानी की घटना के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सोमवार रात तैमूर नगर में झगड़े की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को एक पक्ष के कमल सिंह ने बताया कि वह अपनी डेयरी से वापस लौट रहे थे तभी पास की झुग्गी में रहने वाले कुछ लड़कों ने लूटपाट की कोशिश की। हालांकि इस दौरान कमल की तरफ से लोग एकत्र हो गए, जिससे दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि गांव के एक युवक ने झुग्गी में रहने वाली युवती से छेड़खानी की थी। इसका विरोध करने पर झगड़ा शुरू हुआ। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर छानबीन कर रही है।

दोनों पक्षों की भिड़ंत का वीडियो मंगलवार सुबह वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष के लोग पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग पुलिस पर भी आरोप लगा रहे हैं कि मौके पर मौजूद पुलिस घटना के समय तमाशबीन बनी रही।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…