कानपुर के बिकरु कांड में गिरफ्तार महिलाओं की…

कानपुर के बिकरु कांड में गिरफ्तार महिलाओं की…

रिहाई को लेकर किया प्रदर्शन…

नोएडा, 11 जून। आम आदमी पार्टी ने कानपुर के बिकरु कांड में गिरफ्तार खुशी दुबे, क्षमा दुबे, शांति दुबे, रेखा अग्निहोत्री व उसके ढाई साल के बेटे को विधि विरुद्ध तरीके से जेल में रखे जाने के विरोध में सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आप पदाधिकारियों ने इन लोगों की रिहाई की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन भी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

आप महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष प्रीति उपाध्याय ने कहा कि बिकरु कांड में अमर दुबे का एनकाउंटर हुआ था। घटना के 3 दिन पहले अमर दुबे की शादी खुशी दुबे से हुई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में स्वयं कानपुर के तत्कालीन एसएसपी दिनेश कुमार ने कहा था कि खुशी दुबे निर्दोष है। इसके बावजूद भी पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। प्रीति उपाध्याय ने खुशी दूबे, क्षमा दुबे, शांति दुबे, रेखा अग्निहोत्री व उसके ढाई वर्ष के मासूम बेटे को रिहा किये जाने की मांग की। जिला महासचिव संजीव निगम ने कहा कि पिछले 10 महीने से सभी महिलाएं कारागार में निरुद्ध हैं। निर्दोष महिलाओं को जेल भेजे जाने से लोगों में रोष व्याप्त है। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा अध्यक्ष किरण त्यागी, अनीता सिंह, मनीषा सिंह, रामजी पांडे, राजेंद्र तोमर, पुष्पेंद्र तोमर, राजेश उपाध्याय, कमल गुप्ता आदि मौजूद थे।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…