कोरोना का कहर: नई-नवेली दुल्हन ने 10 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम…

कोरोना का कहर: नई-नवेली दुल्हन ने 10 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम…

लाल जोड़े में सजाई गई चिता, दूल्हा भी लड़ रहा जिंदगी की जंग…

लखनऊ/लखीमपुर-खीरी। कोरोना की दूसरी लहर ने कई घरों को बर्बाद कर दिया है। कोरोना के कहर से प्रतिदिन हो रहीं मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। महामारी की चपेट में आकर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी से नवविवाहित जोड़े की जिंदगी तबाह होने का मामला सामने आया है। यहां शादी के 10 दिन बाद कोरोना से दुल्हन की मौत हो गई है, जबकि दूल्हे की हालत भी गंभीर बनी हुई है। खीरी क्षेत्र के खमरिया-ईशवारा गांव निवासी शोभित की 30 अप्रैल को रूबी के साथ शादी हुई थी।
ससुराल पहुंचते ही दुल्हन रूबी को तेज बुखार और सांस की तकलीफ होने लगी तो शोभित के परिवार ने दुल्हन को अस्पताल में भर्ती कराया। 10 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद रूबी ने जिंदगी को अलविदा कह दिया। दूल्हा शोभित भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है, उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। ज्ञपरिजनों के अनुसार रुबी की लगातार बिगड़ती हालत देख शोभित और उसके परिजनों ने रूबी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
कहा जा रहा है कि रूबी को दवा और ऑक्सीजन भी ठीक से नहीं मिल पाया, और नई नवेली दुल्हन अपनी जिंदगी शुरू करने से पहले ही मौत के आगोश में समा गई। वहीं शोभित की भी हालत गम्भीर बनी हुई है। शोभित नई-नवेली दुल्हन रूबी की तीमारदारी में लगा था, इसलिए उसे भी बुखार और सांस लेने की तकलीफ होने लगी। रुबी की मौत के बाद शोभित के परिजनों ने दुल्हन के जोड़े में उसका अंतिम संस्कार किया, जहां शमशान घाट पर उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें डबडबा उठी। (13 मई 2021)

विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,