*पंचायत चुनाव की रार में वर्तमान व पूर्व प्रधान प्रत्याशी और समर्थक भिड़े…..*

*पंचायत चुनाव की रार में वर्तमान व पूर्व प्रधान प्रत्याशी और समर्थक भिड़े…..*

 

*करीब सौ राउंड हुई फायरिंग से फैली सनसनी, पुलिस टीम पर भी पथराव*

 

*दोनों प्रत्याशियों सहित 4 गिरफ्तार: 88 लोगों पर एफआईआर दर्ज*

 

      *लखनऊ/सीतापुर।* सीतापुर जिले में पंचायत चुनाव में मतदान से पहले चुनावी रार में तंबौर में शारदा नदी के करीब बसे अकबरपुर गांव में निर्वतमान प्रधान और दूसरे पक्ष के बीच जमकर बवाल हुआ, जिसमें करीब सौ राउंड से अधिक गोलियां चलीं। मामला पुलिस कप्तान तक पहुंचा, जिसके बाद कई घण्टों की दबिश के बाद निर्वतमान प्रधान सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले की सूचना मिलने पर गांव पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। घटना के संबंध में 23 नामजद और करीब 65 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं पकड़े गए लोगों की कोरोना जांच में दोनों प्रधान प्रत्याशियों के पाॅजिटिव होने के बाद गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम दहशत में है।

तंबौर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में निर्वतमान प्रधान जुनैद वर्तमान प्रत्याशी है। इसी गांव का रईस भी ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ रहा है। सोमवार रात गांव के करीब धोबिनपुरवा में रईस अपने समर्थकों के साथ था, यहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ। रईस पक्ष और निर्वतमान प्रधान जुनैद पक्ष आपस में भिड़ गए। ईंट पत्थर के बाद मारपीट भी हुई। बढ़ते विवाद के बीच काफी संख्या में लोग अपनी अपनी छतों पर पहुंच गए। फिर गोलियों की तड़तड़ाहट शुरू हो गई। जो काफी देर तक चली। कहां जा रहा है कि करीब सौ राउंड हुई फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तंबौर थानाध्यक्ष अंबर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क से लेकर लोगों की छतों पर कारतूसों के खोखे बटोरे गए।

एसपी आरपी सिंह के सख्त रुख के चलते कई घण्टों तक चली दबिश के बाद निर्वतमान प्रधान जुनैद सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोप है कि जुनैद पक्ष ने कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।घटना की सूचना जिला मुख्यालय पर पहुंचने के बाद मौके पर रेउसा, थानगांव, सकरन थानों की फोर्स को भेजा गया। देर रात सीओ बिसवां ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।

पुलिस मौके से आरोपी पूर्व प्रधान जुनैद, उसके भाई इरफान को पकड़कर थाने लाई, जहां पर दूसरे पक्ष के प्रधान प्रत्याशी रईस पहले से मौजूद था। एसओ तंबौर अंबर सिंह की तहरीर पर आरोपी रईस और उसके पक्ष के 16 नामजद, 40 अज्ञात, आरोपी जुनैैद व उसके पक्ष के सात नामजद, 25 अज्ञात के खिलाफ पुलिस पर हमला करने में हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

*दोनों प्रत्याशी मिले पॉजिटिव, सिपाही दहशत में…*

गिरफ्तार किए गए लोगों को तंबौर पुलिस मेडिकल के लिए लेकर गई, वहां पर कोरोना की भी जांच हुई। जांच में जुनैद और रईस पॉजिटिव पाए गए, इसकी सूचना मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। आरोपियों को पकड़ने और थाने लाकर रात में रोकने के दौरान संपर्क में आने वाले सभी सिपाही दहशत में हैं। एहतियात के तौर पर थाने को सैनिटाइज करा दिया गया है। (21 अप्रैल 2021)

*विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,*