*महिला की गला घोंटकर हत्या, फरार पति पर शक*

*महिला की गला घोंटकर हत्या, फरार पति पर शक*

*नई दिल्ली।* मंगोलपुरी में एक महिला की गला घोटकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार देर रात की है। पुलिस को घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मिली। पुलिस को घटना के बाद से फरार महिला के पति पर हत्या का शक है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगोलपुरी के जे ब्लॉक स्थित 25 गज में बने मकान की चौथी मंजिल पर सोनिया पति ऋषि और दो बच्चों के साथ रह रही थी। परिवार में छह साल का एक लड़का और तीन साल की लड़की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह परिवार 20 दिनों पहले ही यहां आया था। शुक्रवार सुबह बच्चे ने बालकनी से नीचे पानी गिराकर लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। जब लोगों ने पूछा तो बच्चे ने बताया कि उसकी मम्मी की मौत हो गई है। इसके बाद लोगों को घटना की जानकारी हुई। लोगों से सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव पड़ा था, जबकि पति फरार था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फरार पति पर हत्या का शक है। फिलहाल परिवार के अन्य रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। 20 दिन पहले ही यहां रहने आने के कारण परिवार के विषय में आसपास के लोगों को विशेष जानकारी नहीं है।