लुटेरीं “दुल्हनों” के गिरोह की 9 महिलायें पुलिस की गिरफ्त में…

लुटेरीं “दुल्हनों” के गिरोह की 9 महिलायें पुलिस की गिरफ्त में…

लुटेरी दुल्हनें पुणे पुलिस की गिरफ्त में 👆

दो पुरुष साथी भी गिरफ्तार: शादी करके जेवर नगदी लेकर हों जातीं थीं रफूचक्कर…

करीब 50 परिवारों को बनाया अपना शिकार…

लखनऊ/मुबंई। महाराष्ट्र के पुणे की ग्रामीण पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है, इसमें नौ महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। पकड़ी गईं महिलाएं नकली शादियों के जरिए पुरुषों को लूटा करती थीं। इन महिलाओं ने कथित तौर पर शादी से पहले पैसे, सोने के गहने लिए और बाद में भाग गईं। इस मामले में कुछ अन्य की भी तलाश जारी है। यह कथित रैकेट पुणे ग्रामीण पुलिस की एक स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) द्वारा एक मामले की जांच के बाद प्रकाश में आया जिसमें जनवरी के तीसरे सप्ताह में शादी से पहले एक आदमी से 2.4 लाख रुपये लिए गए थे।
गिरोह में शामिल महिलाओं ने महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक में 50 से अधिक परिवारों में शादी की और उनके गहने, पैसे, कीमती सामान लूटकर फरार हो गईं। वाघोली की रहने वाली 35 साल की ज्योति पाटिल, जो कथित तौर पर गैंग की मुखिया है, ने मवाल में रहने वाले एक व्यक्ति से संपर्क किया। उसने व्यक्ति से कहा कि एक गरीब परिवार की महिला उससे शादी करने के लिए तैयार है। पुरुष के परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचित किया कि वह जिस महिला से शादी करने वाला था, वह घर से नकदी चोरी करके भाग गई है।
महिला और उसके दोस्तों को अपराध शाखा द्वारा हिरासत में लेने के बाद पता चला कि महिला पहले से ही दो बच्चों की मां और शादीशुदा थी और उसने अपना नाम बदल लिया था। इंस्पेक्टर पद्माकर घणावत की अगुवाई वाली टीम ने मामले की गहराई से छानबीन की और गिरोह में शामिल नौ महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया। महिलाओं ने इस तरह से कई पुरुषों को धोखा देने की बात कबूली है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रैकेट चलाने वाली 35 साल की ज्योति पाटिल, 27 साल की विद्या खांडले, 39 साल के महानल कासले, 37 साल की रूपाली बनपट्टे, 25 साल की कलावती बनपट्टे, 33 साल की सारिका गिरि, 24 साल की स्वाति साबले, 28 साल की मोना सालुंके और 28 साल की पायल साबले के तौर पर हुई है।
लुटेरीं “दुल्हनों” का कई राज्यों में फैला था जाल…..
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अभिनव देशमुख के अनुसार इन लुटेरीं “दुल्हनों” ने एक-दो नहीं बल्कि करीब 50 परिवारों के साथ आर्थिक और भावनात्मक धोखाधड़ी की। गिरोह के लोग शादी की पूरी योजना बनाते और काम पूरा हो जाने के बाद नकदी, गहनें और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल महिलाओं ने महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक में 50 से अधिक परिवारों में शादी की ! एक जगह से काम बन जाने के बाद पूरा गिरोह इतनी दूर भाग जाया करता था कि उनका जल्दी कुछ अता-पता नहीं मिलता था। (12 फरवरी 2021)

विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,