*11 हजार पेड़ों को काटने का समय दो साल बढ़ाया*

*11 हजार पेड़ों को काटने का समय दो साल बढ़ाया*

*ग्रेटर नोएडा।* नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर परियोजना की जद में आने वाले पेड़ों को काटने के लिए समय दो साल और बढ़ा दिया गया है। इस परियोजना में 11460 छोटे-बड़े पेड़ आ रहे हैं। इन्हें बिना काटे हुए परियोजना को पूरा नहीं किया जा सकता है। इसके चलते इन पेड़ों को काटने का फैसला लिया गया है।

जेवर एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर में बनेगा। इसके लिए मास्टर प्लान पास कराने की प्रक्रिया चल रही है। इस परियोजना की जद में आने वाली सभी चीजें हटाई जाएंगी। इस परियोजना की जद में 11460 पेड़ आ रहे हैं। इन्हें भी काटा जाएगा। इन पेड़ों को काटने की अनुमति ले ली गई थी, लेकिन अभी तक पेड़ काटे नहीं गए हैं। यह समय सीमा समाप्त हो गई थी। इसके चलते फिर वन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया, ताकि इन पेड़ों को काटा जा सके।

प्रभागीय वन अधिकारी ने इन पेड़ों को काटने के लिए इस बार दो साल का समय बढ़ाया है। अब इन पेड़ों को काटा जा सकता है। समय सीमा बढ़ाने के लिए प्रभागीय वन अधिकारी ने एयरपोर्ट के नोडल अफसर शैलेंद्र भाटिया को पत्र भेज दिया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल), यमुना प्राधिकरण, वन विभाग इन पेड़ों की भरपाई करेंगे। जितने पेड़ काटे जाएंगे, उससे कहीं अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा यमुना प्राधिकरण अपने क्षेत्र में बड़े-बड़े पार्क विकसित करेगा। पर्यावरण के लिए बेहतर माने जाने वाले पेड़ लगाए जाएंगे। इसकी योजना तैयार कर ली गई है।

जेवर एयरपोर्ट परियोजना में आने वाले पेड़ों को काटने के लिए दो साल की समय सीमा बढ़ाई गई है। यह समय सीमा वन विभाग ने बढ़ाई है।
-डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, नियाल