महिला ने 12 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट…

महिला ने 12 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट…

जानलेवा हमला और छेड़छाड़ करने का लगाया आरोप…

गाजियाबाद। मिर्जापुर विजय नगर में रहने वाली एक महिला ने 12 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, जानलेवा हमला और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोर्ट के माध्यम से सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। विजय नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता ने बताया कि जून 2000 में उसका निकाह आरोपी इंतजार के साथ हुआ था। निकाह के बाद उसे पता चला कि पति शराबी और जुआरी है। बावजूद इसके वह बर्दाश्त करती रही। लेकिन अगले महीने ही आरोपी अपने एक दोस्त को लेकर आया और उसके साथ संबंध बनाने को कहने लगा। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि 2004 में उसे एक बेटी भी हो गई, बावजूद इसके पति के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। इसके बाद 2006 में एक बेटा और 2013 में फिर एक बेटी को जन्म दिया। पीड़िता ने बताया कि उसके दोनों जेठ उसकी बेटियों को बेचने की फिराक में रहने लगे। उसे पता चला तो उसने विरोध किया। इस बात के लिए भी उसके साथ मारपीट की गई। वहीं उसके दोनों देवर ने जून 2018 में उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। यही नहीं, फरवरी 2020 में आरोपियों ने उसे फांसी देकर मारने का भी प्रयास किया था। पीड़िता ने बताया कि उसने हर बार पुलिस को शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूरी में उसने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई। अब कोर्ट के आदेश पर ही पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…