अब अस्पताल से लापता हुई विक्षिप्त महिला…

अब अस्पताल से लापता हुई विक्षिप्त महिला…

गाजियाबाद। गोविंदपुरम के गौड़ होम में रहने वाली मानसिक विक्षिप्त महिला अब एमएमजी अस्पताल से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई है। एक स्वयंसेवी संस्था की ओर से मिली शिकायत के अधार पर कविनगर कोतवाली पुलिस ने महिला और उसके बेटे को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया था। बताया जा रहा है कि महिला के ससुर शुक्रवार को उससे मिलने भी आए थे। उसी समय से महिला अस्पताल से लापता है।

स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधियों से महिला के इस प्रकार लापता होने पर अस्पताल प्रबंधन के साथ ही पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। संस्था प्रतिनिधि शालू ने बताया कि उनके सामने पुलिसकर्मी महिला को लेकर अस्पताल आए और यहां भर्ती कराया। अब उन्हें महिला के गायब होने की सूचना मिली है। यह घोर लापरवाही है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें महिला को कमरे के अंदर बंधक बनाकर मारपीट करना दिखाया गया था। हालांकि पुलिस की जांच में पता चला कि महिला मानसिक विक्षिप्त हैं। स्वयंसेवी संस्था ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने महिला को फ्लैट से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया और उनके परिजनों को सूचित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को महिला के ससुर उसे देखने के लिए आए थे। उसके कुछ देर बाद से ही महिला अपने बेड पर नहीं है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…