छह दिन तक बिना नंबर की कार से महिलाओं का…

छह दिन तक बिना नंबर की कार से महिलाओं का…

पीछा कर रहा था आरोपी सब इंस्पेक्टर…

नई दिल्ली,अक्टूबर। द्वारका की सड़कों पर छह दिन तक दिल्ली पुलिस का सब इंस्पेक्टर बिना नंबर की गाड़ी से महिलाओं का पीछा कर छेड़छाड़ की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी बिना वर्दी के होता था, बावजूद इसके उसे कोई रोकता नहीं था। इस दौरान उसने कई लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार लोगों का गुस्सा फुट रहा है। पुलिस अब तक आरोपी के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज कर चुकी है। चारों में आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम के पास पुख्त सबूत है। चारों पीड़ितों ने अपने साथ हुई बदसलूकी की शिकायत पुलिस को दी है। मामले में जांच कर रही पुलिस टीम ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सोशल मीडिया में मामले की शिकायत आने के बाद 17 अक्तूबर को पुलिस ने मामले में पहली एफआईआर दर्ज की। शिकायत करने वाली महिला ने पुलिस को बताया था कि ग्रे कलर की बिना नंबर की गाड़ी में आरोपी मौजूद था। महिला की शिकायत से मिली लीड के बाद पुलिस उपायुक्त ने 200 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई और द्वारका की विभिन्न सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दिल्ली में ग्रे कलर की करीब 286 बलेनो कार के मालिकों की लिस्ट तैयार की। इस लिस्ट के मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने सभी कार मालिकों का डोजियर तैयार किया और सभी से पूछताछ की गई। जिसके बाद पुलिस आरोपी पुलिसकर्मी पुनीत ग्रेवाल तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी पुनीत ग्रेवाल के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज की है। जिसमें पॉक्सो और आईपीसी की विभिन्न धाराएं लगाई गई है। आरोपी ने नाबालिग छात्रा से भी छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। द्वारका साउथ में दर्ज तीन मामलों में से दो में आरोपी ने महिलाओं से छेड़छाड़ की और उनका पीछा किया। तीसरे मामले में आरोपी ने महिला को धमकी दी और उसकी ओर अश्लील हरकतें की। जबकि द्वारका नॉर्थ थाने में जो केस दर्ज किया गया है। उसके अनुसार आरोपी ने न केवल छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया बल्कि विरोध करने पर युवती की पिटाई भी की थी। पुलिस सूत्रो ने बताया कि आरोपी के बारे में पिछली जानकारी भी जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि 17 अक्टूबर की सुबह साइकलिंग करने निकली एक युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी। युवती ने पूरी घटना के बाद में सोशल मीडिया पर लिखा था। युवती ने बताया था कि एक कार सवार ने उसका पीछा किया, अश्लील हरकतें कि और उसके साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गया। युवती की पोस्ट पर कई और महिलाओं और युवतियों ने समाने आकर बताया कि उनके साथ भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं। सभी घटनाओं में एक ही गाड़ी का जिक्र था। हंगामा बढ़ने के बाद पुलिस ने युवती से संपर्क किया और उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया। पकड़ा गया आरोपी दिल्ली पुलिस का सब इंस्पेक्टर था और कई दिनों से लगातार महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दे रहा था।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…