हर जरूरतमंद के खाते में 10 हजार रुपये डालें जाएं- प्रियंका गांधी…

हर जरूरतमंद के खाते में 10 हजार रुपये डालें जाएं- प्रियंका गांधी…

मनरेगा का कार्य दिवस बढ़ाकर 200 दिन किया जाए: यह वक्त राजनीति करने का नहीं है…

उत्तर प्रदेश से 52 हजार कार्यकर्ता एक साथ लाइव हुए…

लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर तीन प्रमुख मांगों को लेकर आज पूरे देश में कांग्रेसजन 11 बजे से 2 बजे के बीच फेसबुक लाइव हुए। उत्तर प्रदेश से 52 हजार कार्यकर्ता स्पीक अप इंडिया कार्यक्रम में लाइव हुए। फेसबुक पर लाइव हुए कांग्रेसजनों ने कहा कि सरकार सबसे गरीब लोगों को मदद के लिए न्याय योजना की तरह 10,000 रुपए का अग्रिम भुगतान तुरंत करे और अगले 6 महीनों तक 7,500 रुपए देना सुनिश्चित करे।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी ललन कुमार ने बताया कि फेसबुक लाइव हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं का इस बात पर जोर था कि मजदूर भाई-बहनों को सुरक्षित उनके घरों तक सरकार पहुंचाने की गारंटी करे। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी गैरकानूनी और भाजपा के गरीब-मजदूर विरोधी नीतियों का परिणाम है। कांग्रेसजनों ने 60 से अधिक कांग्रेस नेताओं के ऊपर लादे गए मुकदमे और प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी के खिलाफ काली पट्टी बांधकर अपना रोष जताया।
प्रियंका ने फेसबुक लाइव आकर अपनी बातें रखीं
कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देशभर में कांग्रेस के कार्यकर्ता, कांग्रेस के नेता उन लोगों के पक्ष में अपनी आवाज उठा रहे हैं जो लोग लॉकडाउन और कोरोना महामारी के प्रभाव से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। हम यह काम इसलिए कर रहे हैं ताकि सरकार उनकी बात सुने। 10 हजार रुपये हर जरूरतमंद के अकाउंट में डाला जाए यह मांग है। हमारी दूसरी मांग है कि अगले 6 महीने तक प्रतिमाह 7,500 रुपये जरूरतमंद लोगों के खाते में डाला जाए। उन्होने कहा कि इसके साथ-साथ जो प्रवासी मजदूर अपने गांव पहुंच चुके हैं उनके लिए मनरेगा के कार्य दिवस 100 से 200 दिन तक बढ़ाया जाए। जो लोग लॉकडाउन से जूझ रहे हैं, जिनके पास कोई बिजनेस नहीं है, जो छोटे उद्योग वाले हैं, छोटे दुकानदार हैं, बुनकर हैं। उनकी मदद के लिए सरकार कुछ करें उनको एक आर्थिक पैकेज दे। उनके ऊपर कर्ज ना हो उनके हाथ में पैसा आए ताकि इस मुश्किल वक्त में उनका गुजारा चल सके।
हम सबको सबकी मदद करनी चाहिए
उन्होने कहा कि देखिए, मैं आपसे एक खास आग्रह करना चाहती हूं। सभी राजनैतिक पार्टियों से खास करके भाजपा से कि यह वक्त राजनीति का नहीं है। यह वक्त पूरे देश को इकट्ठा होने का है। सभी पार्टी के राजनेताओं को वैचारिक मतभेदों को भुलाकर हम सबको सबकी मदद करना है। जब यूपी में आपने हमारी 1000 बसों को नकार दिया। हमने आपसे कहा था कि आप अपने बैनर पोस्टर लगा लीजिए, हमें उससे कोई परहेज नहीं है। आप ने ऐलान किया था कि 12 हजार बसें यूपी परिवहन की आप चलाएंगे लेकिन आज तक वह कागज पर चल रही हैं, उन्हे सड़कों पर नहीं उतारा गया।प्रियंका गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र की सरकार को देखिए, वहां महामारी का भयानक रूप है। वहां की सरकार लड़ रही है, सहयोग देने की बजाय आप वहां की सरकार को गिराना चाह रहे हैं उसे अस्थिर करना चाहते हैं। मैं खासतौर पर आपको कहना चाहती हूं कि यह सहयोग करने का समय है। हम सबके ऊपर इस देश की जनता का कर्ज है। आप ऋणी हैं, हर सुख दुख में जनता ने साथ दिया है। आपकी विजय में जय-जयकार किया। हमारी पराजय में हमारे साथ खड़े रहे।
“भारत माता रो रही है, आप मौन हैं”
उन्होने अपने संबोधन में कहा कि आज देश की जनता दुखी है, परेशान है, तड़प रही है। एक बेटा बैल बनकर अपने परिवार को बैठाकर बैलगाड़ी खींच रहा है। एक बेटी अपने पिता को साइकिल पर बैठा कर 600 किलोमीटर साइकिल चलाकर गांव ले जा रही है। श्रमिक ट्रेनों में लाशें पड़ी हैं। एक बच्चे का दम अपने पिता की गोद में टूट रहा है। एक मां की लाश प्लेटफार्म पर पड़ी है उसका बच्चा उसे जगाने की कोशिश कर रहा है। इस देश की एक-एक मां इस दृश्य को देख कर रो रही है, हमारी भारत माता रो रही हैं। आप मौन हैं, आप कुछ बोल नहीं रहे है।
हम जो उठा रहे हैं वह कोई राजनीतिक मांग नहीं है। यह मानवीयता के आधार पर मांग है। आप से आग्रह कर रहे हैं कि राजनीति छोड़िए। जिस जनता ने हम सब को बनाया है, उसका साथ दिया जाए।अब समय है कि हम सब लोग और आप भी जनता का साथ दें।
आपने 90 लाख लोगों की मदद की, धन्यवाद
प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं आपको दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं।हमारे अध्यक्ष गिरफ्तार हुए हैं लेकिन हिम्मत नहीं हारें। मुझे पता है कि वह वहां भी लड़ रहे होंगे आप सब उनके साथ खड़े हुए हैं आपने बार-बार आवाज उठाई है। हम लड़ रहे हैं, लड़ते रहेंगे। यह हमारा कर्तव्य है कि हम सबके लिए आवाज़ उठाएं और न्याय मांगे। उन्होने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि पिछले डेढ़ महीने में आपने अपने साधनों से आज तक 90 लाख लोगों की मदद की और कर रहे हैं।

विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,