भाजपा के निशाने पर पूर्व डीएम बीएन सिंह, जिलाध्यक्ष ने कहा- गृहमंत्री से करेंगे बर्खास्त करने की मांग…

भाजपा के निशाने पर पूर्व डीएम बीएन सिंह, जिलाध्यक्ष ने कहा- गृहमंत्री से करेंगे बर्खास्त करने की मांग…

ग्रेटर नोएडा, । भारतीय जनता पार्टी नोएडा के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने गौतमबुद्ध नगर जिले में तैनात रहे डीएम बीएन सिंह पर जमकर भड़ास निकाली। दबी जुबान से वह मीडिया पर भी हमलावर रहे। भाजपा नेता ने कहा कि खबरिया चैनल द्वारा घोषित प्रत्याशियों को अगर राजनीति करनी है तो सबसे पहले अपनी नौकरी से इस्तीफा दें और फिर राजनीति में अपनी भूमिका निभाएं। तमतमाए नेता ने यहां तक कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री से शिकायत कर उन्हें बर्खास्त करने की मांग करेंगे।

भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने सोमवार को मीडिया क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, हम यहां स्पष्ट करना चाहते हैं कि बीएन सिंह जब गौतमबुद्ध नगर में रहे, तब उन्होंने अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल किया। उनके गलत फैसले आज भी नजीर बने हुए हैं। उन्होंने हमारे क्षेत्र के नौजवान पीढ़ी को बर्बाद करने का कार्य किया। मामूली से झगड़ों में धारा-151 के तहत युवाओं का चालान किया गया। यहां के नौजवानों को 14 दिनों तक जेल में रहना पड़ता था, जिससे नौजवानों के भविष्य पर आज बहुत बड़ा खतरा उत्पन्न हो चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष होने के नाते मैं ऐसे अधिकारी की शिकायत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी के प्रमुख सचिव से शिकायत कर तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग करुंगा।

राष्ट्रीय नेतृत्व को प्रत्याशी चुनने का अधिकार
मनोज गुप्ता ने कहा कि मैं यहां स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि लोकसभा प्रत्याशी चुनने का अधिकार हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व को है। जो राष्ट्रीय नेतृत्व का आदेश होता है, उसी के अनुसार संगठन कार्य करता है। डॉ. महेश शर्मा हमारे लोकप्रिय सांसद हैं। जनता ने उन्हें दो बार भारी संख्या में अपना मत देकर चुना है। नोएडा विधानसभा क्षेत्र का पहला विधायक बनने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ है। गौतमबुद्ध नगर में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विषम से विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन नहीं छोड़ा। साल 2009 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन, हार भी उनके उनके हौसले को पस्त न कर पाई। वह निरंतर पार्टी में सच्चे सिपाही के रूप में कार्य कर रहे हैं।

सफल नहीं होंगे प्रायोजित एजेंडे
भाजपा नेता ने कहा कि हम सांसद के खिलाफ चल रहे प्रायोजित एजेंडे के मंसूबे कभी साकार नहीं होने देंगे। जो भी व्यक्ति यह एजेंडा चला रहे हैं, आप भली-भांति जानते हैं कि उनकी मंशा क्या है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…