चीन में भारी बारिश-बाढ़ ने मचाई तबाही, लाखों प्रभावित…

चीन में भारी बारिश-बाढ़ ने मचाई तबाही, लाखों प्रभावित…

बीजिंग, 21 जून। चीन में भारी बारिश से तबाही मची हुई है। ग्वांगडोंग प्रांत के शोगुआन शहर में मई के अंत से लगातार चल रही बारिश से काफी नुकसान हुआ है। बाढ़ ने बीते कई दशकों का रिकार्ड तोड़ दिया है।

चीनी मीडिया के मुताबिक, बाढ़ ने बीते साठ सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। लगातार नदियों में बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को वहां से निकलने का आदेश दिया है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, ग्वांगडोंग की बेइजियांग नदी का जल स्तर भी चेतावनी स्तर को पार कर चुका है और इसने 1994 के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

लाखों लोग प्रभावित

बाढ़ और भारी बारिश के कारण पूर्वोत्तर के जियांग्शी प्रांत के 9 जिलों में 4,85,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वहीं, लगभग 43,300 हेक्टेयर फसल नष्ट होने के साथ आर्थिक नुकसान 470 मिलियन युआन का नुकसान होने का अनुमान है।

हेनान में 12 मरे

हेनान में मूसलाधार बारिश से मंगलवार को 12 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ और भूस्खलन में फंसे हजारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। शनिवार रात आठ बजे से लेकर मंगलवार रात आठ बजे तक झेंगझोऊ में प्रतिघंटे 617.1 मिमी बारिश हुई। इससे वर्षा का 60 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है।

दक्षिणी प्रांत के गुइझोऊ, जिआंगश, अनहुइ, झेजियांग और गुआंगशी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। चीन मौसम विज्ञान प्रशासन (सीएमए) का राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को राष्ट्रीय स्तर पर मौसम संबंधी पांच अलर्ट जारी किए हैं, जिसमें लू और अचानक आई बाढ़ के लिए ऑरेंज चेतावनी, जबकि बारिश के लिए नीली चेतावनी और गरज चमक के साथ बिजली, तेज हवा, ओले और कोहरे के लिए दो अन्य येलो चेतावनी शामिल हैं।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…