दिल्ली हवाईअड्डे पर विमान की आपात लैंडिंग…

दिल्ली हवाईअड्डे पर विमान की आपात लैंडिंग…

नई दिल्ली, 19 जून। दिल्ली हवाईअड्डे पर रविवार सुबह जबलपुर जा रहे स्पाइस जेट के विमान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के करीब 45 मिनट बाद वापस लौटना पड़ा। विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग सुरक्षित रही। हालांकि कुछ देर के लिए विमान यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। एयरलाइन कर्मियों ने समझा-बुझाकर यात्रियों को शांत कराया। विमान में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया समेत 82 यात्री सवार थे। विमान वापस होने से यात्रा में करीब तीन घंटे का विलंब हुआ। इसके बाद दूसरा विमान रवाना किया गया। देरी के चलते यात्रियों को परेशानी हुई। स्वास्थ्य मंत्री को भी एक कार्यक्रम में शामिल होने में देरी हुई।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह स्पाइस जेट विमान संख्या एसजी 2962 ने दिल्ली हवाईअड्डे से उड़ान भरी। रास्ते में पायलट ने देखा कि विमान की ऊंचाई बढ़ने के बाद इंजन का केबिन प्रेशर नहीं बढ़ रहा है। विमान को छह हजार फुट की ऊंचाई पर ले जाया गया लेकिन प्रेशर मानक के अनुरूप नहीं बन रहा था। उड़ान भरने के करीब 45 मिनट बाद पायलट ने दिल्ली हवाईअड्डे की एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। हवाईअड्डे पर दमकल, स्वास्थ्य समेत बचाव दल अलर्ट हुआ और विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…