अब सतर्क नहीं हुए, तो जल्द तीसरी लहर की चपेट में होगा शहर…

अब सतर्क नहीं हुए, तो जल्द तीसरी लहर की चपेट में होगा शहर…

गुरुग्राम। कोरोना की दूसरी लहर से पहले इसी तरह मरीजों की संख्या बढ़ना शुरू हुई थी और शायद अब हम तीसरी लहर की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। जिला प्रशासन ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए तो शहर जल्द महामारी की चपेट में होगा। मास्क लगाना जरूरी करने के साथ बाजार और माल में दो गज दूरी की पालना करानी होगी। एक स्थान पर अधिक संख्या में लोगों को इकट्ठा होने से रोकना होगा। क्योंकि जिस तेजी से मरीजों की संख्या बढ़ रही है उससे तय है कि कोरोना महामारी एक बार फिर फैल सकती है। तीन दिन में 105 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। 24 दिनों में मरीजों की संख्या 373 हो चुकी हैं। जबकि अक्टूबर में 206 और नवंबर में 284 मरीज मिले थे।

शुक्रवार को 48 मरीज मिले और 13 स्वस्थ भी हुए। जिले में इस समय 174 मरीज कोरोना संक्रमित हैं और 170 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे हैं। अभी तक 1,82,087 मरीज मिल चुके हैं और इसमें 1,80,986 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 927 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।

वर्ष 2021 ::

जनवरी – 1416 – 11

फरवरी – 786 – 03

मार्च – 4020 – 07

अप्रैल – 59921- 112

मई – 57012 -343

जून – 735 – 83

जुलाई – 210 – 18

अगस्त – 167 – 02

सितंबर – 150 – 01

अक्टबूर – 206 – 00

नवंबर – 284 – 02

दिसंबर – 373 – 02

जब लाकडाउन था तो मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही थी। अब सब खुला है, लोग मास्क भी नहीं लगा रहे हैं और न दो गज की दूरी की पालना कर रहे हैं। ऐसे में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ना तय है। जिला प्रशासन ने सख्ती करनी होगी। सभी मास्क लगाने के लिए बाध्य करने के साथ एक स्थान पर अधिक लोग इकठ्ठे नहीं होने देने चाहिए। अगर अब सतर्क नहीं हुए, तो शहर में संक्रमण तेजी से फैलेगा। यह सही है कि टीका लगवा चुके लोग गंभीर बीमार नहीं होंगे, लेकिन इसके लिए संक्रमण फैला लेना कौन सी समझदारी है। बाजार की भीड़ में लोगों की लापरवाही देखकर हैरानी होती है।

-डा. भरत सिंह बिश्नोई, सेवानिवृत निदेशक स्वास्थ्य विभाग हरियाणा।

हम आज भी चार हजार से अधिक लोगों की हर रोज कोरोना जांच कर रहे हैं ताकि कोरोना संक्रमित मरीज की जल्द पहचान की जा सके। मेरी अपील है, कि घर से निकलते समय मास्क जरूर लगाए और कार्यालय तथा हाल में वेंटिलेशन हो। बाजार में दो गज दूरी बनाए रखे।

-डा. विरेंद्र यादव, सिविल सर्जन।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…