बदमाशों ने वकील को मारी गोली, पुलिस को आपसी रंजिश का शक…

बदमाशों ने वकील को मारी गोली, पुलिस को आपसी रंजिश का शक…

नोएडा, 26 अक्टूबर। नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के इलाहाबास गांव में देर रात वकील निशांत की अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। घायल निशांत को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है प्रारंभिक जांच में हत्या आपसी रंजिश के कारण किये जाने के संकेत मिले है। चार टीमें बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।

पेशे से वकील निशांत (सुरजपुर कोर्ट में प्रेक्टिस करने वाले) सोमवार रात को गांव में किसी जानकार व्यक्ति की मौत पर शोक प्रकट करने और परिवार को सांत्वना देने के लिए उसके घर गए थे। देर रात घर लौटते समय घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें उनको 2 गोलियां लगी। मौके से बदमाश फरार हो गए। घायल अवस्था में वकील को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरिश्चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात कुछ लोगों ने निशांत को गोली मारकर घायल कर दिया। उसे यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार पुलिस दो पहलुओं पर जांच कर रही है। एक तो घरेलू जमीनी विवाद और दूसरा मृतक की बहन का उसके ससुराल वालों से विवाद होना बताया जा रहा है।

डीसीपी हरिश्चंद्र का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने चार टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि जमीनी विवाद के चलते निशांत की हत्या की गई है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। जल्द ही हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…