तेज रफ्तार कार ने मार्निंग वाक पर निकले छह लोगों को रौंदा,दो की मौत

पटना में तेज रफ्तार कार ने मार्निंग वाक पर निकले छह लोगों को रौंदा,दो की मौत

पटना, 28 सितंबर। राजधानी पटना के पटना सिटी स्थित राम कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के न्यू बाईपास रोड में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले छह लोगों को रौंद दिया। घटना में दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि चार लोगों

की हालत गंभीर बतायी जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में चांगड निवासी कृष्णा राय( 60) और रामकृष्ण नगर के सोरमपुर निवासी स्वास्थ्य विभाग से रिटायर 65 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। घायलों में स्थानीय सोरमपुर निवासी छोटन कुमार, धीरज कुमार समेत दो अन्य घायल हैं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार को घेर कर उसमें बैठे दो लोगों को बंधक बना लिया और जमकर उनकी पिटाई की। कार में सवार अन्य लोग भागने में सफल रहे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची राम कृष्णा नगर थाना की पुलिस बंधक बने लोगों को छुड़ाने पहुंची जहां दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया। बाद में दो लोगों को समझाया गया और बंधक बनाये गये लोगों को पुलिस अपने साथ थाना ले गयी।

“हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट