*दु:खद: भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव की पत्नी का भी कोरोना से निधन…..*

*दु:खद: भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव की पत्नी का भी कोरोना से निधन…..*

*कोरोना संक्रमित छोटे बेटे का अभी अस्पताल में चल रहा है इलाज*

*श्रीमती मालती श्रीवास्तव भी अस्पताल में थीं भर्ती: उप मुख्यमंत्री के निजी सचिव का भी निधन*

*लखनऊ।* लखनऊ पश्चिम विस क्षेत्र के विधायक सुरेश श्रीवास्तव की पत्नी मालती श्रीवास्तव का भी आज कोरोना से निधन हो गया। एक दिन पहले ही शनिवार को विधायक सुरेश श्रीवास्तव का कोरोना से निधन हो गया था। विधायक सुरेश श्रीवास्तव और उनकी पत्नी मालती श्रीवास्तव व छोटे पुत्र सौरभ श्रीवास्तव का कोरोना संक्रमित होने के चलते अस्पताल में इलाज चल रहा था।
स्वर्गीय सुरेश चंद्र श्रीवास्तव लखनऊ मध्य/पश्चिम क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके हैं। स्वर्गीय सुरेश चंद्र श्रीवास्तव एलडीए सचिवालय कॉलोनी में रहते थे। विधायक के शव को कल शाम पीजीआई से सीधे बैकुंठधाम शमशान घाट ले जाया गया था, जहां विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में उनके बड़े बेटे डाॅ शैलेश, बेटी मृणालिनी, बहू डाक्टर स्वाति व चंद परिजन एवं पार्षद अनुराग मिश्रा व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष साकेत मिश्रा मौजूद रहे।
सुरेश श्रीवास्तव के छोटे पुत्र सौरभ श्रीवास्तव का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा। इसी बीच आज दोपहर श्रीमती मालती श्रीवास्तव का भी दु:खद निधन हो गया। सरल स्वभाव वाले सुरेश चंद्र श्रीवास्तव मृदुभाषी शैली के लिए जाने जाते थे। स्वर्गीय सुरेश चंद श्रीवास्तव के निधन के बाद आज उनकी पत्नी के निधन की खबर फैलते ही उनके घर पर दुखी समर्थक पहुंचना शुरू हो गए हैं।उनकी पत्नी के निधन पर भाजपा नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
राजधानी लखनऊ में कोरोना ने कोहराम मचा रखा है। उप मुख्यमंत्री डाॅ दिनेश शर्मा कोरोना पाॅजिटिव होने के चलते घर में कवांरटीन हैं तो उनकी पत्नी भी कोराना संक्रमित होने के चलते पीजीआई में भर्ती हैं, वहीं इस बीच खबर मिली है कि उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के निजी सचिव कल्याण सिंह का कोरोना से निधन हो गया है। (25 अप्रैल 2021)
*विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,*