विरोधी दल जनता से करते हैं झूठे वादे : डॉ. राधा मोहन…

विरोधी दल जनता से करते हैं झूठे वादे : डॉ. राधा मोहन…

भाजपा के प्रदेश प्रभारी ने 2022 विधानसभा चुनाव में जीत के लिए दिए टिप्स…

कुशीनगर, 07 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में विरोधी दल जनता से खोखले वादे करते हैं। इस नाते उन्हें मुंह की खानी पड़ती है। भाजपा सरकार जनता के हित में कार्य करती है। इसी का परिणाम है कि भाजपा केंद्र में दोबारा सरकार बना सकी है। राज्यों में भी हम सरकार बना रहे हैं।

ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन सिंह ने कहीं। वह रविवार को नगर के एक होटल में कुशीनगर और देवरिया के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों के कारण उपचुनाव में भाजपा को जबरदस्त जीत मिली। प्रदेश के उपचुनाव में भाजपा सात में छह सीटें जीतने में कामयाब रही है और हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव में भी भाजपा को शानदार सफलता मिली है। उन्होंने संगठन की मजबूती और प्रदेश में अगली सरकार फिर भाजपा की बनाने के लिए मंडल प्रभारियों की उपयोगिता को बताते हुए कहा कि आप अनुभवी और संगठन के मर्मज्ञ लोग हैं। इसका लाभ भाजपा को मिलना चाहिए। मंडल इकाई के महत्व को समझते हुए ही जिले और क्षेत्र के पदाधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी गई है। मंडल प्रभारी हर माह चार से पांच बार अपने मंडल में प्रवास करें। उन्होंने संपर्क, समन्वय और प्रवास पर जोर देते हुए कहा कि इस दौरान सामाजिक समीकरण पर ध्यान दें। हालांकि भाजपा जातिवाद, क्षेत्रवाद और संप्रदाय वाद पर आधारित राजनीति नहीं करती है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को इन समस्याओं से चुनाव के दौरान जूझना पड़ता है। इसलिए मंडल प्रभारियों को पहले से सजग रहना चाहिए। उन्होंने मंडल प्रभारियों से बड़े किसान, चिकित्सक, वकील, विद्यालय के प्रबंधक और मठ मंदिर में संपर्क बढ़ाने एवं संगठन के कार्य के अलावा सामाजिक गतिविधि जैसे स्वच्छता, प्रधानमंत्री के मन की बात, रक्तदान कार्यक्रम के आयोजन पर जोर दिया।

इससे पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अंत में भाजपा के कुशीनगर जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र ने सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया। कुशीनगर विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने सभी अतिथि और मंडल प्रभारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद देवरिया डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद, कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे, खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी, गंगा सिंह कुशवाहा, पवन केडिया, सुरेश तिवारी, काली प्रसाद, डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, पीएन पाठक, प्रदीप शुक्ल, मोहन चौहान, सत्येंद्र मिश्र, देवरिया जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…