*पड़ोसी महिला से दोस्ती कर गहने-नकदी उड़ाई*

*पड़ोसी महिला से दोस्ती कर गहने-नकदी उड़ाई*

*नई दिल्ली।* शाहदरा के जीटीबी एंक्लेव में एक महिला के घर से गहने और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पड़ोसी महिला पर दोस्ती कर चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर शनिवार को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पीड़िता 26 वर्षीय अनुपम परिवार के साथ जीटीबी एंक्लेव इलाके में रहती हैं। अनुपम के अनुसार, करीब सात महीना पहले उनके मकान में एक महिला अपने परिवार के साथ रहने के लिए आई थी। इसके कुछ समय बाद उस महिला से उनकी दोस्ती हो गई। एक नवंबर को पड़ोसी महिला उन्हें एक सोने की चेन दिखाने के लिए लेकर आई। चेन दिखाने के बाद अनुपम से भी उनके गहने दिखाने के लिए कहने लगी। अनुपम ने बेड से पर्स निकालकर गहने दिखाएं और उसके सामाने ही वापस रख दिए। 18 नवंबर को महिला ने अनुपम से कहा कि उसकी चेन चोरी हो गई है। अगले दिन 19 नवंबर को अनुपम को शक हुआ तो उन्होंने भी बेड में अपने गहने देखे। वहां नकदी और जेवरात नहीं मिलने पर वह अवाक रह गई।

पर्स से उनकी सोने की चेन, तीन अंगूठियां, लॉकेट व 23 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने महिला से इस बारे में पूछताछ की तो वह पुलिस शिकायत करने से मना करने लगी। 26 नवंबर को अनुपम के पति ने महिला के पति से बात की तो उन्होंने गहने व नकदी लौटाने की बात कही। इसके बाद अनुपम ने शनिवार को मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।