केजरीवाल ने डीसीडब्ल्यू अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया…

नई दिल्ली, 11 मार्च। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को डीसीडब्ल्यू अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित किया। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) द्वारा शुरू किए गए पुरस्कार समारोह में करीब 100 महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन महिलाओं को दिया जाता है जिन्होंने महिलाओं के प्रति असाधारण साहस और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है।
समारोह को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘साल में सभी 365 दिन महिलाओं के लिए हैं लेकिन यह महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए एक खास दिन है। एक कहावत है : उम्र महज एक संख्या है। आज इस कार्यक्रम में 104 वर्षीय और 106 वर्षीय महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज डीसीडब्ल्यू अवार्ड्स प्रतिष्ठित पुरस्कार बन गए हैं। पुरस्कार जीतने वाली सभी महिलाओं को बधाई।’’
दिल्ली महिला आयोग की ओर से दिए गए पुरस्कार पाने वाले प्रमुख चेहरों में भारतीय अंडर-19 क्रिकेटर सोनिया मेंदिया और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मुमताज खान भी शामिल थीं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने शहीद निशांत मलिक और राइफलमैन मनोज भाटी के परिवारों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने आतंकवादियों से लड़ते हुए अपनी जान गंवा दी। वहीं दिल्ली पुलिस के 22 बहादुर अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया, जिसमें एक प्रमुख नाम स्वर्गीय एएसआई शंभू दयाल का था, जो दिल्ली में एक स्नैचर से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। कुछ अन्य दिल्ली पुलिस अधिकारियों को गुमशुदा बच्चों को बरामद करने और आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने के लिए सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डीटीसी महिला बस चालकों को पुरस्कार देते हुए कहा कि डीटीसी बस बेड़े में अधिक से अधिक महिला बस चालकों को जोड़ने के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाल ही में होली के दौरान एक जापानी नागरिक के साथ यौन उत्पीड़न के प्रसारित वीडियो पर अत्यधिक रोष जाहिर किया और कहा कि महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराधों से निपटने के लिए समाज को आगे आना चाहिए।
समारोह के दौरान इंस्टाग्राम सेलिब्रिटी डॉ तनया नरेंद्र और कविता कुमारी को सम्मानित किया गया। इसरो के 3 वरिष्ठ वैज्ञानिकों को भी DCW द्वारा विभिन्न ISRO मिशनों में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोग ने एसिड अटैक सर्वाइवर शबनम को भी सम्मानित किया, जिन्होंने इतनी दिक्कतों का सामना करने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और फैशन की दुनिया में अपना नाम बनाया। वहीं 6 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के एक बैंड समूह को भी सम्मानित किया। सिक्स पैक बैंड सभी ट्रांसजेंडर कलाकारों का एक प्रसिद्ध पॉप संगीत बैंड है।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…