खेलो इंडिया गेम्स में वेलकम चैम्पियन्स नाइट…

खेलो इंडिया गेम्स में वेलकम चैम्पियन्स नाइट…

चंडीगढ़, 08 जून। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मेजबानी कर रहे हरियाणा ने जहां एक ओर पंचकूला के ताऊ देवीलाल खेल परिसर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का लुक दिया है, वहीं दिनभर की प्रैक्टिस और मुकाबलों की थकान दूर करने के लिए खिलाड़ियों के लिए वेलकम चैम्पियन्स नाइट का आयोजन किया जा रहा है।

ताऊ देवीलाल खेल परिसर में स्पोर्ट्स एक्सपो की देखरेख कर रहीं सचिव, वित्त-सह-सलाहकार सोफिया दहिया के अनुसार वेलकम चैम्पियन्स नाइट के पहले दिन हरियाणवी नाइट का अयोजन किया गया। इसमें हरियाणा के लोक कलाकारों ने प्रस्तुति दी। दूसरे दिन इंडियन कल्चरल नाइट का अयोजन किया गया। इसमें हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।

तीसरे दिन हरियाणा मूल के कलाकार परमजीत सहरावत ने विशेष प्रस्तुति देकर खिलाड़ियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत पंचकूला के सेक्टर- 20 के माॅडल संस्कृति स्कूल के बच्चों की रागिनी से हुई। कार्यक्रम की जान बने प्रसिद्ध आरजे मानव ने खिलाड़ियों व दर्शकों के साथ फनी गेम्स खेलकर उन्हें गिफ्ट्स भी दिए। कार्यक्रम में आए बच्चों ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के शुभंकर धाकड़ के साथ सेल्फी ली और हरियाणवी गानों पर साथ में डांस किया।

हरियाणा के खेल अचीवर्स पर लगाई गई स्पोर्ट्स एक्सपो में सभी राज्यों के खिलाड़ी उत्सुकता से हरियाणा के खिलाड़ियों की जानकारी ले रहे हैं कि किस प्रकार छोटा सा हरियाणा ओलंपिक, एशियाड व कॉमनवेल्थ में इतने मेडल लाता है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में 7 में से 4 मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने लिए हैं। खेलमंत्री ओलंपियन सरदार संदीप सिंह भी चैम्पियन्स नाइट में हिस्सा लेने पहुंचे।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…