श्रीलंकाई मछुआरों के ‘हमले’ में तमिलनाडु के तीन मछुआरे घायल

श्रीलंकाई मछुआरों के ‘हमले’ में तमिलनाडु के तीन मछुआरे घायल

नगापत्तिनम (तमिलनाडु)। नगापत्तिनम जिले के तीन मछुआरे शनिवार तड़के कोडियाकराई तट के निकट श्रीलंकाई मछुआरों के एक समूह के कथित हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।

तटीय सुरक्षा समूह (सीएसजी) पुलिस ने बताया कि वेदारण्यम के समीप अरुकोट्टुथुराई के तीन मछुआरों पर आज सुबह कोडियकराई तट के नजदीक हमला हुआ। घटना के समय ये मछुआरे मछली पकड़ रहे थे।

श्रीलंकाई मछुआरे तीन नावों से आए और उन्होंने लोहे की छड़ों से तमिल मछुआरों पर ‘हमला’ कर दिया। उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई मछुआरे इनसे पकड़ी हुई मछलियां, जाल, मोबाइल फोन, जीपीएस उपकरण छीन कर फरार हो गए।

घायल मछुआरे आज सुबह तट पर लौट आए। उन्हें नगापत्तिनम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मत्स्य विभाग के अधिकारी और सीएसजी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

“हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट