चलती कार में महिला का अपहरण, गेट खोल कूद कर बचाई जान…

चलती कार में महिला का अपहरण, गेट खोल कूद कर बचाई जान…

गुरुग्राम। अशोक विहार इलाके से बृहस्पतिवार रात एक महिला का हथियारबंद तीन युवकों ने उनकी कार में ही अपहरण कर लिया था। युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद भी वह डरी नहीं। जैसे ही मौका मिला वह कार का गेट खोलकर बाहर कूद गईं। महिला ने अपने जेठ पर अपहरण कराकर जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर सेक्टर-पांच थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

शिकायत के मुताबिक गुड़गांव गांव में 12 बिसवा निवासी सीमा कटारिया बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे अपनी सियाज कार से रिश्तेदार के घर जा रही थीं। रास्ते में अशोक विहार स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार में डीजल भरवाने के लिए रुकी थीं। डीजल भरवाने के बाद वह कुछ दूर ही आगे बढ़ी थीं कि एक बाइक कार के आगे आ गई। उसमे तीन युवक बैठे थे। तीनों ने हेलमेट पहन रखा था। सीमा ने कार साइड से निकालने की कोशिश की तो एक ने उनकी साइड का शीशा तोड़ दिया। जब तक वह कुछ समझ पातीं तब तक एक ने उन्हें साइड की सीट पर धक्का दे दिया। एक पीछे बैठ गया। पीछे बैठे युवक ने उन्हें हथियार लगाते हुए कहा कि बहुत केस डालती है। आज तू भी खत्म और केस भी खत्म।

महिला ने बताया कि इस बीच युवक कार लेकर द्वारका एक्सप्रेस-वे पर पहुंच गए। वह सोच रही थीं कि कहीं पुलिस दिखे तो चिल्लाऊं, लेकिन पुलिस कहीं नहीं दिखी। एक जगह जैसे ही कार की रफ्तार कम हुई वह अचानक दरवाजा खोलकर कूद गईं। इससे उन्हें चोट भी लगी है। फिर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

महिला का आरोप है कि उन्हें मारने की साजिश उनके जेठ विजय कटारिया ने रची है क्योंकि वह पहले भी कई बार इस तरह के प्रयास कर चुके हैं। 2016 में उनके घर पर फायरिग करवाई थी। रिश्तेदारों के बीच-बचाव की वजह से वह समझौता करती आ रही थीं, लेकिन अब नहीं करेंगी। थाना प्रभारी पंकज कुमार का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। इसके लिए जिस जगह से अपहरण किया गया था, उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जहां पर महिला ने कार से कूदने की बात की है, उसी से कुछ दूरी पर कार खड़ी मिली।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…