राजधानी में 19 दिन बाद कोरोना के मरीज बढ़े, ब्लैक फंगस से एक की मौत…

राजधानी में 19 दिन बाद कोरोना के मरीज बढ़े, ब्लैक फंगस से एक की मौत…

स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज, तीसरी लहर का बढ़ा खतरा…

लखनऊ। गत 19 दिनों से मंद पड़ी कोरोना वायरस की चाल फिर से तेज हो गई है। 18 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। उधर, ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या में भी करीब 14 दिन बाद बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आठ नए मरीज भर्ती किए गए हैं।

27 जून को 23 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। 28 जून को 14 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद लगातार मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही थी। शुक्रवार को 18 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई। सबसे ज्यादा मरीज इंदिरानगर, अलीगंज, गोमतीनगर, आशियाना समेत दूसरे इलाकों में मरीज बढ़े हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में चिंता बढ़ गई है। कोरोना को हराने वालों की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। 18 मरीजों ने वायरस से जंग जीती है। 121 सक्रिय मरीज हैं।

तीसरी लहर का खतरा बढ़ा

स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। लोग बिना मास्क के घरों से बाहर निकल रहे हैं। फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं कर रहे हैं। यही वजह है कि संक्रमण बढ़ा है। अधिकारियों ने चेताया है कि यदि लोग संभले नहीं तो तीसरी लहर का खतरा बढ़ सकता है।

आठ मरीज भर्ती, एक की मौत
कोरोना संग ब्लैक फंगस का प्रकोप बढ़ गया है। शुक्रवार को आठ नए मरीज भर्ती किए गए। सभी मरीज केजीएमयू में भर्ती हैं। प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक अब तक 543 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में तीन मरीजों के ऑपरेशन किए गए। बिहार के एक मरीज ने इलाज के दौरान दम भी तोड़ा।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…