बनेंगे 10 नए थाने व दो पुलिस चौकी…

बनेंगे 10 नए थाने व दो पुलिस चौकी…

अपर पुलिस महानिदेशक और पुलिस कमिश्नर ने थानों व चौकी के लिए आवंटित जमीनों का किया निरीक्षण…

नोएडा, 23 जून। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 10 नए थाने और दो नई पुलिस चौकियां स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए शासन से अनुमति मिल गई है। जमीन चिन्हित कर ली गई है। जल्द ही उसका आवंटन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस संबंध में नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह और लखनऊ से आये अपर पुलिस महानिदेशक, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आवास निगम हरिराम शर्मा के बीच मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। उसके बाद यह फैसला लिया गया।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में कानून-व्यवस्था को मजबूती देने, अपराध तथा अपराधियों पर नियंत्रण रखने और जनता को शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराने के लिए 10 नए थाने और 2 नई पुलिस चौकियां खोली जाएंगी। इनमें अधिकारियों के रहने के लिए आवासीय कालोनियां विकसित की जाएंगी। कर्मचारियों के रुकने के लिए ट्रांजिट व हॉस्टल, बैरक व महिला बैरक का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। जल्द ही उसे आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण भी सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि भूमि आवंटन में तीनों प्राधिकरणों का अहम योगदान है। थाना फेस-वन एक एकड़ जमीन में बनेगा। भूमि नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से आवंटित कराई गई है। थाना सेक्टर-142, 4300 वर्ग मीटर में स्थापित होगा। भूमि चिन्हित की जा चुकी है। इसका आवंटन शीघ्र ही प्रस्तावित है। नोएडा विकास प्राधिकरण के सहयोग से इसके दायरे में 4 अन्य थाने बनेंगे। इनके लिए भूमि आवंटित हो चुकी है। ये थाने है थाना सेक्टर- 63, थाना ओखला बैराज, थाना सेक्टर-115, थाना सेक्टर-106। इनकी भूमि का आवंटन शीघ्र ही प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण की मदद से 4 थाने बनाए जाएंगे। इनके लिए भूमि आवंटित हो चुकी है। थाना सेक्टर-18/6डी, थाना सेक्टर-29, थाना सेक्टर-25ए में बनेंगे। थाना दयानतपुर व पुलिस चौकी रन्हेरा के लिए यमुना प्राधिकरण भूमि चिन्हित कर रहा है। प्रक्रिया जारी है। जल्द ही जमीन खरीदी जाएगी। चौकी झुप्पा के निर्माण कार्य के लिए भी भूमि का आवंटन हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, हरिराम शर्मा और पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने संयुक्त रूप से इन थानों के लिए आवंटित की गई जमीन का मुआवना किया। दोनों ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना फेस-1 के लिए आवंटित की गई भूमि एवं पुलिस लाइन का भ्रमण किया। मीडिया प्रभारी ने बताया कि पुलिस लाइन गौतमबुद्ध नगर में ट्रांजिट हॉस्टल (जी़12) का निर्माण होगा। साथ ही 48 महिलाओं के लिए हॉस्टल व बैरक बनाए जाएंगे। पुरुषों के लिए 200 बेड का हॉस्टल-बैरक बनेगा। 200 व्यक्तियों की क्षमता वाली बहुमंजिला बैरक का निर्माण कार्य जारी है। दोनों अफसरों ने इन सभी प्रोजेक्ट की समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आदेश दिया।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…