दबिश देकर लौट रहे दरोगा की कार खाई में गिरी

दबिश देकर लौट रहे दरोगा की कार खाई में गिरी

मथुरा। राजस्थान के डीग क्षेत्र में दबिश देकर लौट रहे गोवर्धन थाने के दरोगा की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। घटना में दरोगा के गंभीर चोटें आयी हैं। राहगीरों की सूचना पर गोवर्धन थाना पुलिस ने घायल दरोगा को उपचार के लिए मथुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। दरोगा के हालात चिंताजनक बताए जा रहे हैं। गोवर्धन थाने में तैनात दरोगा सोनू भाटी निजी कार से राजस्थान के डीग देहात में दबिश देकर वापस गोवर्धन थाने लौट रहा था, रास्ते में बहज के समीप कार के सामने स्वान आ गया। कार स्वान को बचाते समय अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जिस घटना में कार में सवार दरोगा सोनू भाटी गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दरोगा को कार से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना गोवर्धन थाना पुलिस को दी गई। प्रभारी थानाध्यक्ष रवींद्र बाबू घटनास्थल पर पहुंचे और घायल दरोगा सोनू भाटी को मथुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी थानाध्यक्ष रवींद्र बाबू ने बताया कि सोनू भाटी दबिश देकर वापस लौट रहे थे कि रास्ते में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। उन्हें गंभीर चोटें लगी हैं। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।