*ऑक्सीजन की कमी से दो सगे भाइयों की मौत,*

*ऑक्सीजन की कमी से दो सगे भाइयों की मौत,*

 

*कोविड वार्ड में थे भर्ती* 

*नोएडा।* नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अस्पतालों में लगातार ऑक्सीजन की कमी बढ़ती जा रही है। ऑक्सीजन की कमी से नोएडा के बरौला गांव में रहने वाले दो सगे भाइयों ने कोविड वार्ड में दम तोड़ दिया है। नोएडा में स्थित बरौला गांव के रहने वाले 43 साल के सुनील गहलोत और 41 साल के नटवर गहलोत में बीते शनिवार को सांस लेने में दिक्कत हुई थी। उनके परिजन अपने दोनों बेटों को अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए इधर-उधर भागते रहे। लेकिन किसी भी अस्पताल में उनको एडमिट नहीं किया गया।

उनके परिजनों ने बताया कि किसी तरीके से ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 में स्थित नवीन अस्पताल में बिना कोविड टेस्ट के उनको एडमिट करवाया गया। दोनों का ऑक्सीजन लेवल लगातार कम होता जा रहा था। सुनील गहलोत का ऑक्सीजन लेवल 90 से कम पहुंच गया था। वही नटवर की हालत लगातार गंभीर बनती जा रही थी। परिजनों ने बताया कि अस्पताल की तरफ से काफी कोशिश की गई। लेकिन उसके बावजूद भी शनिवार की देर रात करीब 8:00 बजे उनके बेटे सुनील ने दम तोड़ दिया। रविवार की सुबह करीब 4:00 बजे नटवर की मौत हो गई। इस मामले के बाद उनके परिजनों में मातम छा गया है। पूरे पटोला गांव में दुख की लहर दौड़ पड़ी है।

आपको बता दें कि इस समय नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली समेत देश के सैकड़ों अस्पतालों में ऑक्सीजन की भारी कमी हो रही है। जिसकी वजह से अब अस्पतालों ने मरीजों को एडमिट करना भी बंद कर दिया है। हालत बद से बदतर होती जा रही है। लेकिन कोई भी समाधान नहीं निकल पा रहा है।

*पत्रकार और अधिकारियों की भी हुई मौत*

बुधवार को गाजियाबाद में एक महिला की मौत भी ऑक्सीजन की कमी से हो गई थी। उत्तर प्रदेश में इस समय कोरोना महामारी काफी तेजी से और विकराल रूप में बढ़ती जा रही है। ग्रेटर नोएडा और नोएडा में काफी पुलिस अधिकारी, पत्रकार और नेता भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो रहे है।