व्हाट्सएप के जरिए बिछड़े मासूम को परिजनों से मिलवाया…

व्हाट्सएप के जरिए बिछड़े मासूम को परिजनों से मिलवाया…

नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस ने व्हाट्सएप के जरिए दो साल के बच्चे को उसके माता-पिता से मिलवाया। बच्चा बाजार में माता-पिता से बिछड़ गया था। पुलिस ने बच्चे की तस्वीर को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म समेत व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कराया। परिजनों तक जानकारी पहुंची तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। इस अभियान में मंगोलपुरी और राज पार्क दोनों थानों की पुलिस लगाई गई थी।

डीसीपी परविंदर सिंह ने बताया कि गुरुवार को मंगोलपुरी एल ब्लॉक में दो साल का बच्चा पाया गया। पुलिस ने बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया। आसपास पूछताछ में बच्चे के परिजनों का पता नहीं चल पाया। हालांकि बच्चे ने अपना नाम कान्हा, मां का अन्नू और पिता का नाम कृष्णा बताया। कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगोलपुरी और राज पार्क थाने की पुलिस को परिवार को ढूंढ़ने में लगाया गया। डीसीपी ने बताया कि बच्चे की फोटो फेसबुक और स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए प्रसारित कराई गई। जल्द ही दो घंटे के भीतर बच्चे के माता-पिता ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वे खरीदारी करने के लिए आए थे। इसी दौरान बच्चा बिछड़ गया। पहले तो उन्होंने बेटे को आसपास ढूंढ़ा लेकिन जब वह नहीं मिला तो रिश्तेदारों को बुलाने के लिए चले गए। इस दौरान किसी ने व्हाट्सएप ग्रुप पर बच्चे की फोटो देखकर उन्हें सूचना दी।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…