अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ नवनीत सहगल ने प्रेस प्रतिनिधियों को…

अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ नवनीत सहगल ने प्रेस प्रतिनिधियों को…

सम्बोधित करते हुए बताया…

लखनऊ 09 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ नवनीत सहगल ने प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि आज मा0 मुख्यमंत्री जी ने जनपद लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर, गोरखपुर, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, झांसी, बरेली, गाजियाबाद, आगरा, सहारनपुर तथा मुरादाबाद में प्राथमिकता के आधार पर लक्षित आयु वर्ग के लोगों को कोविड टीकाकरण कराने के निर्देश दिये है। उन्होंने बताया कि आज मुख्यमंत्री प्रयागराज और वाराणसी के निरीक्षण पर गये है। वहां पर कोरोना से संबधित अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे है। उन्होंने बताया कि लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी व कानपुर नगर में सरकारी व अर्धसरकारी कार्यालयों में 50 प्रतिशत ही कर्मी कार्यालय आयेंग, इसकेे अतिरिक्त 50 प्रतिशत कर्मचारी वर्क फ्राॅम होम रहकर ही कार्य को सम्पादित करेंगे। इन सभी कर्मियों को रोस्टरवार बनाकर ही बुलाये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने आगरा, बरेली, झांसी में कोविड-19 के संबंध में निरीक्षण करेंगे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री भी 04 जनपदों का निरीक्षण करेंगे।
श्री सहगल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने आगामी 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयन्ती से लेकर 14 अप्रैल, 2021 को बाबा साहब डाॅ0 बी0आर0 आंबेडकर की जयन्ती तक, ‘टीका उत्सव’ मनाए जाने का आह्वान किया है। इसके तहत पूरे प्रदेश में ‘टीका उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीका उत्सव में प्रदेश के लक्षित आयु वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने ‘टीका उत्सव’ के सफल आयोजन के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क के अनिवार्य उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री  ने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण के प्रति जागरूकता तथा कोरोना से सम्बन्धित अन्य आवश्यक विचार-विमर्श के उद्देश्य से राज्यपाल महोदया की उपस्थिति में 03 दिवसीय संवाद का विशेष कार्यक्रम प्रारम्भ हो रहा है। आगामी 11 अप्रैल को राज्यपाल जी और वे राजनीतिक दलों के अध्यक्षों तथा सदन के दलीय नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे। 12 अप्रैल, 2021 को राज्यपाल जी तथा मुख्यमंत्री जी समस्त महापौर एवं पार्षदों के साथ संवाद का विशेष कार्यक्रम होगा। इसी क्रम में आगामी 13 अप्रैल को राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री का धर्मगुरुओं के साथ संवाद होगा। उन्होंने बताया कि 11 से 14 अप्रैल, 2021 के मध्य चलने वाले टीका दिवस के अभियान में 25 लाख लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है।
श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए कृतसंकल्प है और किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी फसल को खरीदे जाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। प्रदेश सरकार द्वारा धान की रिकार्ड खरीद की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद किये जाने हेतु 6000 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि एक नई व्यवस्था के तहत कृषक उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) को भी क्रय केन्द्र खोलने की अनुमति दी गयी है। उन्होंने बताया कि किसान उत्पादक संगठन 150 केन्द्रों के माध्यम से संचालित किया जायेगा। उन्होंने जिलाधिकारियों के द्वारा कृषक उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) को भी क्रय केन्द्रों से जोड़कर गेहूं क्रय का कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। यह व्यवस्था प्रदेश में पहली बार हो रही है। 01 अप्रैल से 15 जून, 2021 तक गेहू खरीद का अभियान जारी रहेगा। गेहू क्रय अभियान में अब तक 46,776.05 मी0 टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारी गेहूं क्रय केन्द्रों का लगातार स्वयं या अपने अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये है। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री सहगल ने बताया कि आपदा से प्रभावित लोगों को हर सम्भव मदद व राहत समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सजगता बरती जाए। सभी जनपदों में अग्निशमन केन्द्रों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। उन्होंने आग लगने की दुर्घटना होने पर प्रभावित लोगों को 24 घण्टे में अनुमन्य मुआवजा राशि वितरित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि बिजली के तार से आग लगने की स्थिति में पावर कारपोरेशन द्वारा 24 घण्टे में पीड़ितों को राहत राशि वितरित की जाए। खेत-खलिहान में आग लगने पर प्रभावित किसानों को जिला प्रशासन के माध्यम से मण्डी परिषद द्वारा 24 घण्टे में राहत राशि वितरित की जाए। आग लगने से घर जल जाने पर प्रभावित लोगों को जिला प्रशासन 12 घण्टे में राहत धनराशि उपलब्ध कराये।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…