*चार साल से दुष्कर्म की घटनाएं कर रहा था आरोपी*

*चार साल से दुष्कर्म की घटनाएं कर रहा था आरोपी*

 

*विरोध करने पर महिलाओं को नाखूनों से नोंचने,गला दबाकर हत्या करने की देता था धमकी* 

*ग्रेटर नोएडा।* ग्रेटर नोएडा में सोमवार रात पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कई महिलाओं से दुष्कर्म के आरोपी ने खुलासा किया है कि वह पिछले चार साल से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। वह विरोध करने पर महिलाओं को नाखूनों से नोंचने और गला दबाकर हत्या करने की धमकी देता था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।

सूरजपुर कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात मुठभेड़ में पकड़े गए हमीरपुर निवासी हरिशंकर ने पहले भी कई महिलाओं को शिकार बनाया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अकेली महिला की गर्दन पकड़कर उसे झाड़ियों में खींच लेता था। महिला के शोर मचाने या विरोध करने पर उसे नाखूनों से नोंचने और गला दबाकर मारने की धमकी देता था। डर की वजह से महिला कुछ नहीं बोल पाती थी। वारदात के बाद महिला से उसका मोबाइल, नगदी और गहने लूटकर फरार हो जाता था। कई बार वह एक दिन दो घटनाओं को भी अंजाम देता था।

हमीरपुर में भी कई महिलाओं को शिकार बनाया : पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले 4 साल से ग्रेटर नोएडा में रह रहा था और घटनाएं कर रहा था। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि आरोपी ने हमीरपुर स्थित अपने गांव में भी कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। हमीरपुर पुलिस भी आरोपी की तलाश में जुटी थी। लेकिन पुलिस मुठभेड़ में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।

 *बहन की शादी के लिए मां ने जमानत करवाई :*

 

आरोपी की जमानत उसकी मां ने करवाई थी। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि 15 जून को आरोपी की बहन की शादी है। इसके चलते आरोपी की मां ने हमीरपुर से कुछ जमानती बुलवाए और बहन की शादी में हाथ बंटाने के लिए बेटे की जमानत करवाई। लेकिन आरोपी जेल से बाहर आते ही फिर से वारदात करने लगा।

 *पहले भी जा चुका जेल*

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दो साल पहले गर्भवती महिला को अपनी शिकार बनाया था। वारदात के बाद उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गया था। घटनास्थल से कुछ दूर उसने दूसरी महिला को शिकार बनाने की कोशिश की थी। लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी की वजह से आरोपी महिला को छोड़कर फरार हो गया था। दोनों महिलाओं ने घटना की शिकायत पुलिस से की थी लेकिन रेप की वारदात के बारे में नहीं बताया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को चोरी के मुकदमे में गिरफ्तार किया था।

*बाहर आते ही फिर शुरू की वारदात* 

यह आरोपी 17 फरवरी को जमानत पर जेल से छूट कर बाहर आया था। इसके बाद उसने फिर से महिलाओं को अपना शिकार बनाना शुरू किया। 25 फरवरी को सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला को निशाना बनाया। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में थी। पुलिस आरोपी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।