भाजपा सरकार के अहंकार को तोड़ेगें भगवान श्रीकृष्ण- प्रियंका गांधी…

भाजपा सरकार के अहंकार को तोड़ेगें भगवान श्रीकृष्ण- प्रियंका गांधी…

नए कृषि कानून अरबपतियों के लिए बनाये गये हैं…

वृंदावन बांकेबिहारी जी की शरण पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा…

मथुरा: कृषि कानूनों के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मथुरा के पालीखेड़ा मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए केन्द्र की भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अहंकारी हैं। सरकार ने नए कृषि कानून को अरबपतियों के लिए बनाया है। इस सरकार के अहंकार को भगवान श्रीकृष्ण अवश्य तोड़ेगे। प्रियंका गांधी ने मंच से बांकेबिहारी, गिरिराज जी और यमुना मैया के जयकारे लगाए। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि ये धरती मथुरा की धरती है। ये धरती अहंकार को तोड़ती है। भगवान श्रीकृष्ण ने अहंकार में डूबे श्रीइंद्र देवजी के अहंकार को तोड़ने के लिए गोवर्धन पर्वत को उठाकर इस धरती के लोगों की रक्षा की थी। तब से यहां अन्नकूट गोवर्धन पूजा होती है। प्रियंका गांधी ने कहा कि आज भाजपा सरकार ने भी किसानों के लिए अहंकार पाल लिया है। देश की सीमा पर जिन्होंने अपने बेटों को शहीद होने के लिए भेजा है। आज वो किसान सड़क पर बैठा है। 90 दिनों से किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है। 215 किसान शहीद हुए हैं। सरकार ने बिजली काटी, पानी बंद किया, मारपीट कराई उन्हें प्रताड़ित किया। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं की गई। किसानों से बात करने के लिए प्रधानमंत्री नहीं आए। रामधारी सिंह दिनकर ने कहा था कि जब नाश मनुष्य पर छाता है पहले विवेक मर जाता है। इस सरकार का विवेक मर चुका है। उन्होंने कहा कि डीजल पेट्रोल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। नोटों की खेती करने वालों ने ये कृषि बनाया है। ये कानून उन्हीं के लिए बना है। अरबपतियों के लिए बनाया है कृषि कानून है। जब तक किसान लड़ते रहेंगे तब तक कांग्रेस पार्टी हर दुख में हर दर्द में शामिल होगी। जैसे ही कांग्रेस की सरकार आएगी इन कानूनों को सबसे पहले रद्द किया जाएगा। इस सरकार को भी भगवान श्रीकृष्ण की वाणी सुनाई देगी। जो जनता कहती है वो सही है। इस सरकार के अहंकार को खत्म करने के लिए जो करना पड़ेगा करेंगे। वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में प्रियंका गांधी ने देहरी पूजन किया, उन्होंने भगवान की पोशाक भेंट की और अराध्य के दर्शन किए। प्रियंका गांधी को सेवायत गोपी गोस्वामी ने पूजा कराई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव रोहित चैधरी, जिला प्रभारी अमित सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रदीप जैन, विवेक बंसल, पंकज मलिक, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, दीपक चैधरी, डाॅ. राजीव शर्मा आदि थे।

पत्रकार अमित गोस्वामी की रिपोर्ट…