*बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर टेंपो चालक की*

*बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर टेंपो चालक की*

 

*चाकू से गोदकर की हत्या* 

 

*नई दिल्ली।* उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी में टेंपो चालक गुड्डू कश्यप के हत्या मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में दो आरोपी 23 वर्षीय अजीम व 23 वर्षीय सलमान को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल इनके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। शुक्रवार रात बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर 45 वर्षीय गुड्डू कश्यप की हत्या कर दी थी। इसके बाद गुड्डू से नकदी व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे।

 

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात को नंद नगरी में सड़क किनारे एक एक शख्स के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गाजियाबाद के सोनिया विहार पार्ट-2 के रहने वाले गुड्डू के रूप में हुई। उसके शरीर पर चाकू से हमले के निशान मिले थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को सुंदर नगरी के रहने वाले अजीम के वारदात में शामिल होने का पता चला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ कर आरोपी सलमान को भी दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि लूट का विरोध करने पर गुड्डू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि, परिजन ट्रांसपोर्टर मुहम्मद खालिद पर रुपये के लेनदेन में हत्या करवाने का आरोप लगा रहे थे।