*अंतिम संस्कार में शामिल होने गए लोगों पर शमशान घाट का लिंटर गिरा, 18 की मौत…..*

*अंतिम संस्कार में शामिल होने गए लोगों पर शमशान घाट का लिंटर गिरा, 18 की मौत…..*

*38 से अधिक घायल, कई की हालत गंभीर: पुलिस एवं एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुटी*

*हादसे पर मुख्यमंत्री दु:खी, दोषियों के खिलाफ होगी कार्रवाई: मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख की मदद*

 

*लखनऊ/गाजियाबाद।* दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में आज एक बड़े में हादसे में मुरादनगर के श्मशान घाट परिसर में गैलरी की छत गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई एवं 38 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कमिश्नर, डीएम व एसएसपी को तत्काल मौके पर पहुंचने एवं लिंटर के घटिया निर्माण में दोषी लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।गाजियाबाद जिले के मुरादनगर स्थित श्मशान घाट में पिलरों पर लिंटर पड़ा था। बारिश में लिंटर अचानक गिर गया, जिसके नीचे 40 से ज्यादा लोग दब गए। इस दर्दनाक हादसे में खबर लिखे जाने तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी। मलवे से निकाले गए 38 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर होने के चलते मृतकों की संख्या बढ़ने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग मुरादनगर की डिफेंस कॉलोनी निवासी फल विक्रेता जयराम (65 वर्ष) की अंत्येष्टि में आए थे। सभी लोग बारिश के चलते अंत्येष्टि के बाद शमशान घाट के गेट से सटी गैलरी में मौन धारण के लिए खड़े हुए थे। इसी दौरान ये हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ढाई माह पहले झोपड़ी नुमा गैलरी का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि सरिया को छोड़ निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। गैलरी ढहते ही निर्माण सामग्री चूरे में तब्दील हो गई। (3 जनवरी 2021)
*विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,*