कुशीनगर में व्रती महिलाओं ने तेजस्वी और सुंदर काया वाले पुत्र की कामना और उनकी दीर्घायु के लिए भगवान भास्कर की उपासना…

कुशीनगर में व्रती महिलाओं ने तेजस्वी और सुंदर काया वाले पुत्र की कामना और उनकी दीर्घायु के लिए भगवान भास्कर की उपासना…

कुशीनगर, 20 नवंबर । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में  भगवान सूर्य की उपासना का महापर्व छठ के तीसरे दिन शुक्रवार को व्रती महिलाओं ने तेजस्वी और सुंदर काया वाले पुत्र की कामना और उनकी दीर्घायु के लिए भगवान भास्कर की उपासना की। शाम के समय सज धज कर नदी, ताल पोखरों व कुंड के घाट पर पहुंची महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर घाट पर विधि विधान से पूजन-अर्चन किया।

सूर्यषष्ठी व्रत के तीसरे दिन, दिन के तीसरे पहर से ही नदी, तालाबों और पोखरो के किनारे बने विभिन्न छठ घाटो पर लोगों का आना शुरू हो गया। पूजन सामग्री की डलिया सिर पर उठाए घाट की ओर जा रही महिलाएं देवी गीत गाती रहीं। छठ पर गाए जाने वाले पारंपरिक गीत  ‘कांच ही बांस के बहंगियां, बहंगी लचकत जाय, सुगवा के मारबो धनुष से, सुगा गिरे मुरझाय’ सरीखे कर्णप्रीय गीत से घाट गूंजते रहे। छठ वेदियों पर पूजा करने के बाद सूर्य को अर्घ्य दिया गया। घाटों से लौटने के बाद लोगों के घरों में कोसी भरने का आयोजन पूरा किया गया। नगर के रामधाम पोखरा, बावली चौक, सुराजी पोखरा, अंबे चौक, बावली चौक, रामधाम पोखरा, सुसवलिया, खिरकिया आदि स्थानों पर हर वर्ष की भांति व्रती महिलाए छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इन जगहों पर मेले का भी आयोजन किया गया।

भगवान तपन ( सूर्य) के उपासना का प्रमुख त्योहार छठ को लेकर हर तरफ खुशियों का माहौल रहा  शुक्रवार की रात्रि में व्रती महिलाओं ने कोसी भरकर मन्नते मांगी। इस दौरान महिलाओं ने समूह में घंटों गीत गाया। जिनके घर कोसी भरे जाने का रस्म अदायगी की गयी उनके घर आसपास की महिलाएं समूह में पहुंच कर आयोजन को चार चांद लगा रही थी।

छठ पूजन के अवसर पर गांव से लेकर शहर तक घाटों पर श्रद्धा का सैलाब दिखा। जिले के प्रमुख बाजार व कस्बों समेत नगरीय क्षेत्र के रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठे घाटों का नजारा देखने लायक था। भक्ति भाव से ओत प्रोत हर कोई बस भगवान भाष्कर की ओर ही निहार रहा था। आंखों से ओझल होने तक टकटकी लगाए व्रती महिलाएं पानी में खड़ा होकर अ‌र्घ्य दे रही थीं। क्षण भर में ही हर ओर पानी में तैरते दीयों से जगमग हो रहे घाटों की शोभा आकर्षण का केंद्र बनी रही। सुरक्षा की बाबत सभी घाटों पर पुख्ता इंतजाम किए गए !

जिलाधिकारी भूपेंद्र एस चौधरी  व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विंध्यवासिनी राय, अपर पुलिस अधीक्षक अयोध्या प्रसाद सिंह ने हाटा, कसया, पडरौना, खड्डा, सेवरही, तमकुही राज, फाजिलनगर, कप्तानगंज, रामकोला, दुदही, सुकरौली, अहिरौली बाजार समेत जिले के विभिन्न छठ घाटों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताते हुए मौके पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं के निराकरण के भी निर्देश दिए। वही पडरौना नगर पालिका परिषद के चेयरमैन विनय जायसवाल ने नगर के विभिन्न घाटों का मौके पर पहुँच कर जायजा लिया! घाटों पर व्रती महिलाओं को मास्क वितरित किये! तथा अपील की कि जीवन के लिए मास्क है जरूरी! घाटों पर असुविधा न हो इसके लिए विधिवत इंतजाम के लिए निर्देश पर पालन का भी निरीक्षण किया!

घाटों पर लगा रहा मेला

छठ घाटों पर जगह-जगह दुकानों के सजे होने से खरीददारी भी खूब होती रही। छठ पूजन को पहुंची महिलाओं के साथ पहुंचे बच्चों का उत्साह देखने लायक था। कभी बच्चे घाट पर पूजन करते तो कभी दुकानों पर पहुंच खाने की वस्तुओं को खरीदते। समूह में उछल कूद मचाते बच्चों का उत्साह साथ रहे परिजनों को हर्षित कर रहा था। इस दौरान

जिले के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर  सेवरही, हाटा, कसया, कप्तानगंज, खड्डा तहसील क्षेत्र के सैकड़ों घाटों पर शुक्रवार की सायं छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। यहा घाटों पर उमडी आस्था का सैलाब भगवान आदित्य को नमन करता रहा।

छठ मैया करती है सबकी मुरादे पूरी

ऐसी मान्यता है कि सूर्य देव की अपराधना से सभी मनोकामना पूर्ण होती है। इस पर्व में कठोर नियमों का पालन किया जाता है तथा स्वच्छता एवं पवित्रता का खास ध्यान रखा जाता है। सुबह से ही व्रती महिलाएं ठेकुआ, कसार आदि पकवान बनाने के साथ डाला सजाने में जुट गईं। गांवों में एक घर से दूसरे घर पूजा सामग्रियों का आदान प्रदान हुआ।

सेवरही विधानसभा के क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार लल्लू ने उपनगर से सटे प्रसिद्ध बांसी नदी के शिवाघाट स्थित घाट पर सिर पर छठ डाला रखकर पहुंचे और छठ माता का माथा टेक आशीर्वाद लिया।

पूजन सामग्री के साथ युवाओं ने खूब सेल्फी ली। इस दौरान बच्चों ने भी परिवार के साथ सेल्फी ली। बच्चों ने पूजन सामग्री को सिर पर रखकर भी सेल्फी ली। साथ ही युवाओं ने सेल्फी और फोटो को सोशल साइट पर अपलोड किया। फेसबुक, व्हाट्सएप के अलावा इंस्टाग्राम पर भी सेल्फी का खूब क्रेज दिखाई दिया। लोगों में छठ व्रत को लेकर काफी उत्साह भी नजर आया।

बाजारों में अलग तरह की धूम देखने को मिली। विभिन्न प्रकार के आकर्षक फूलों से दुकाने सजी हुई थीं। वहीं लोग दुकानों पर सामग्री खरीदते नजर आए। गेंदा, गुलाब, चमेली, सफेद गुलाब, लीली आदि फूलों की लोगों ने खूब खरीदारी की। अपने घरों के सजाने के लिए विभिन्न तरह का सजावटी सामान खरीदा। रामकोला नगर के चेयरमैन रमिता देवी और उनके पति उमेश गौड़ ने छठ का डाला सिर पर लिए देखा गया!

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…