उपचुनाव नतीजों में भाजपा ने किया शानदार प्रदर्शन…

उपचुनाव नतीजों में भाजपा ने किया शानदार प्रदर्शन…

नई दिल्ली, 11 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों की 59 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 सीटों पर विजय पताका लहराई। वहीं कांग्रेस महज 12 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी। उधर बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल कर लिया। चुनाव आयोग द्वारा गत मंगलवार देर रात जारी उपचुनाव के नतीजों के मुताबिक, भाजपा ने मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर हुए उपचुनावों में से 19 सीटों पर जीत हासिल करते हुए राज्य में अपनी सत्ता सुरक्षित कर ली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कुर्सी को अब कोई खतरा नहीं है। मध्य प्रदेश विधानसभा में 230 सीटें हैं और उपचुनाव नतीजों के बाद भाजपा के पास अब 226 सीटें हो गई हैं। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं कांग्रेस नौ सीटों पर ही विजय पताका लहराने में सफल रही। उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर हुए उपचुनावों में भाजपा को छह सीटों पर जीत हासिल हुई और एक सीट पर समाजवादी पार्टी को जीत हासिल हुई। देश के सबसे बड़े इस सूबे में भाजपा को 36.7 प्रतिशत और सपा को 23.6 प्रतिशत वोट मिले हैं। झारखंड में दो सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को निराशा हाथ लगी है। यहां एक-एक सीट पर कांग्रेस व झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जीत हासिल की है। साथ ही कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए एक सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 56.1 प्रतिशत वोट मिला है। इसके अलावा हरियाणा की बरौदा सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा को निराशा हाथ लगी है। इस सीट पर कांग्रेस ने भाजपा उम्मीदवार पर विजय हासिल की। वहीं, गुजरात में भाजपा ने अपनी जमीनी पकड़ बरकरार रखते हुए सभी आठ सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस को इस सूबे में हुए उपचुनाव में एक भी सीट नहीं मिल सकी। यहां भाजपा को 55.1 प्रतिशत और कांग्रेस को 34.3 प्रतिशत वोट मिले हैं। उधर मणिपुर में भी पांच सीटों पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने चार पर जीत हासिल कर ली है और एक सीट निर्दलीय के खाते में चली गई है। यहां भाजपा को 40.5 फीसदी वोट मिले है। जबकि नगालैंड में दो सीटों पर हुए उप चुनाव में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी को एक सीट तथा एक पर निर्दलीय उम्मीदवार ने विजय हासिल की है। जबकि, कर्नाटक में दो सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने दोनों सीटों पर फतह हासिल की है और राज्य में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 51.7 प्रतिशत वोट प्राप्त किए हैं। तेलंगाना में भी एक सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के उम्मीदवार को मात देते हुए विजय हासिल की और उसे 38.5 प्रतिशत वोट प्राप्त किया है। जबकि, ओडिशा की दो सीटों पर बीजू जनता दल (बीजद) को जीत मिली हैं और भाजपा कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं कर सकी।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…