*होंडा सिटी से आए चोर, खोल ले गए दो कारों के पहिये*

*होंडा सिटी से आए चोर, खोल ले गए दो कारों के पहिये*

*इंदिरापुरम,नवंबर।* ज्ञान खंड एक में होंडा सिटी कार से आए चोरों ने दो कारों से पहिये चुरा लिए। कारों को ईट पर खड़ी कर फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरे में उनकी फुटेज कैद हो गई है। दोनों पीड़ितों ने इंदिरापुरम थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

ज्ञान खंड-एक में बृज किशोर गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने छह नवंबर की रात अपनी कार घर की पार्किग में खड़ी की थी। सात नवंबर की सुबह वह उठे, तो कार के चारों पहिये गायब थे। पता चला कि उनके बगल में खड़ी चौधरी अनुपमा विक्रम की कार के भी चारों पहिये गायब थे। उन्होंने इसकी पुलिस को सूचना दी।

30 मिनट में दो बार आए चोर : पुलिस ने घटना स्थल की जांच की। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की फुटेज कैद मिली। उसमें दिखा कि चोर होंडा सिटी कार से चोरी करने आए थे। रात में 3:10 मिनट पर बृज किशोर की कार के पहिये चोरी करके ले गए। उसके कुछ देर बाद वापस लौटे। 3:40 बजे चोर चौधरी अनुपमा विक्रम की कार के पहिये चुरा कर ले गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से चोरों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

चेकिग की खुली पोल : घटना स्थल मुख्य सड़क के किनारे की है। यहां पर पुलिस की गश्त होने का दावा किया जाता है। चोर दो बार चोरी कर फरार हो गए। कहीं पर पुलिस उन्हें नहीं मिली। अगर मिली होती, तो पकड़े जाते। इससे पुलिस की गश्त और चेकिग की पूरी तरह से पोल खुल गई। वहीं, इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने बताया है कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।