राशन कार्ड की सूची से फिर जुड़ेंगे कटे नाम…

राशन कार्ड की सूची से फिर जुड़ेंगे कटे नाम…

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर। लॉकडाउन में घर गए लोगों के राशन कार्ड की सूची से कटे नाम दोबारा जुड़ेंगे। खाद्य आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। मंत्री का कहना है कि लॉकडाउन के चलते लोग घर चले गए थे। वह राशन लेने नहीं आ पाए। इसलिए उनका नाम दोबारा जोड़ा जाएगा। सरकार ने विभागीय अधिकारियों से तीन दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट देने को कहा है।

कोविड संक्रमण के दौरान मार्च के अंत में लॉकडाउन लागू हो गया था। उसके बाद बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर दिल्ली से गांव चले गए। लॉकडाउन बढ़ा तो वह वहीं रुक गए। नियम कहता है कि अगर कोई लगातार तीन महीने तक राशन लेने नहीं आता है तो उसके नाम राशन कार्ड की सूची से काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। उसे चौथे महीने से राशन नहीं मिलता है। दिल्ली में 18 लाख से अधिक राशन कार्ड धारक हैं।

अब जब लॉकडाउन खत्म होने के बाद लोग वापस दिल्ली लौट रहे हैं। वह दोबारा राशन के लिए गए तो उनका नाम राशन कार्ड की सूची से कट गया था। सरकार को इसे लेकर शिकायतें मिल रही थीं। बड़ी संख्या में लोग राशन लेने में असमर्थ थे, जिसे देखते हुए सरकार ने दोबारा से ऐसे लोगों के नाम सूची में जोड़ने का आदेश दिया है। अधिकारियों से कहा है कि वह तीन दिन में बताएं ऐसे कितने लोग। उसे दोबारा जोड़ने के लिए वह क्या कर रहे हैं।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…