रास चुनावों के लिए पूर्व डीजीपी बृजलाल सहित भाजपा के 8 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन…

रास चुनावों के लिए पूर्व डीजीपी बृजलाल सहित भाजपा के 8 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन…

पूर्व डीजीपी बृजलाल नामांकन दाखिल करते हुए 👆

मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री रहे उपस्थित: 9 नवंबर को मतदान, उसी दिन आएगा परिणाम…

लखनऊ। भाजपा के आठ प्रत्याशियों ने आज राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री दिनेश चंद्र शर्मा, केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह मौजूद रहे। प्रदेश की 10 खाली राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की आज आखिरी तारीख थी। प्रदेश में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनावी मैदान में 8 उम्मीदवार उतारे गए हैं। नामांकन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर सभी उम्मीदवारों को सफलता प्रदान कर अंत्योदय से राष्ट्रोदय का मार्ग प्रशस्त करे।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने सभी 9 उम्मीदवारों के नाम का कल ऐलान किया था। उत्तर प्रदेश से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा के महासचिव तथा केंद्रीय कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह, पूर्व मंत्री हरिद्वार दुबे, प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर, पूर्व विधायक गीता शाक्य, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के करीबी एवं समाज कल्याण निगम के अध्यक्ष बीएल वर्मा एवं पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी को अपना प्रत्याशी बनाया है। एक प्रत्याशी नरेश बंसल उत्तरांखंड से है। इससे पहले समाजवादी पार्टी से प्रोफेसर रामगोपाल यादव तथा बहुजन समाज पार्टी से रामजी गौतम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इनका कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होगा…..
उत्तर प्रदेश से दस राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म होने जा रहा है। इन नेताओं में भाजपा के अरुण सिंह, नीरज शेखर, हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के जावेद अली खान, राम गोपाल यादव, चंद्रपाल सिंह यादव, रवि प्रकाश वर्मा, बसपा के राजाराम, वीर सिंह एवं कांग्रेस के पीएल पुनिया जैसे दिग्गज शामिल हैं।
भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा 13 अक्टूबर को की थी। कल 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की होगी। दो नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नौ नवंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। (27 अक्तूबर 2020)

विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,