मुख्यमंत्री योगी, विस अध्यक्ष अन्य नेताओं ने…

मुख्यमंत्री योगी, विस अध्यक्ष अन्य नेताओं ने…

प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं…

सितंबर गुरुवार 17-9-2020 लखनऊ/उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उप्र विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित सहित प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ​अंत्योदय से राष्ट्रोदय की संकल्पना को साकार करते यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं।प्रभु श्री राम की कृपा से आप, इसी प्रकार ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के दिव्य ध्येय की ओर बढ़ते हुए मां भारती को गौरवभूषित करते रहें। दीर्घायुरारोग्यमस्तु। सुयश: भवतु।
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता है। उन्होंने भारत को पूरी दुनिया में प्रसिद्धि प्रदान की है। भारतीय संस्कृति से जुड़ी योग जैसी प्राचीन विधा को उनके प्रयत्नों से अन्तरराष्ट्रीय मान्यता मिली।
कोरोना महामारी संयुद्ध में उनकी भूमिका सारी दुनिया में सराही गई है। प्रधानमंत्री ने भारत को पूरे विश्व के परिदृश्य में एक मजबूत, सुरक्षित, आत्मनिर्भर और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में पहचान दिलायी है। विधानसभा अध्यक्ष ने शुभकामना दी है कि प्रधानमंत्री दीर्घायु हों और भारत उनके नेतृत्व में उत्तरोत्तर प्रगति करते हुए सफलता के नये क्षितिज स्पर्श करें।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह एक व्यक्ति नहीं संस्था हैं। उनके हृदय में बचपन से निर्धनों के प्रति करुणा का भाव रहा है। उनके बाल्यकाल से साहस के वृतांत जानने को मिलते रहते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के हर तबके के लिए एक सपना देखा था और उस सपना को पूरा करने के लिए दिन रात एक कर दिया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ चुका है। हम आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना करते हैं।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विश्व पटल पर देश को उच्चतम स्थान में ले जाने वाले, कर्मयोगी, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री परमश्रद्धेय नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आप स्वस्थ रहे,दीर्घायु रहे,सदा भारत मां की सेवा करें।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि गरीब कल्याण के प्रति समर्पित, मां भारती के लाडले, हमारे प्रेरणा स्रोत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। आप स्वस्थ एवं दीर्घायु हों। श्री बांके बिहारी जी की कृपा आप पर सदैव बनी रहे। इसके अलावा प्रदेश के सभी मंत्रियों, विधायकों ने भी प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ‘दीर्घायुरारोग्यमस्तु सुयशः भवतु, विजयः भवतु जन्मदिनशुभेच्छाः’ प्रधानमंत्री मोदी को उनके 70वें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। देशवासियों का असीम स्नेह आपके साथ बना रहे जिससे आप मां भारती के परम वैभव को सम्पूर्ण विश्व में और अधिक फैला सके।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा सप्ताह के रूप में मना रही है। इस अवसर पर आज प्रदेश के सभी जिलों में दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, कृतिम अंग व अन्य सहयोगी उपकरण भेंट किए जाएंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह लखनऊ में दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल सहित अन्य उपयोगी उपकरण भेंट करेगें। वहीं राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश हापुड़ में दिव्यांगों को उपकरण भेंट करेंगे।
इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में स्थानीय सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी के कार्यकर्ता दिव्यांगजनों के उपकरण वितरण कार्यक्रम में सहभागी रहेंगे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को मनाते हुए महिला मोर्चा की टीम जिला स्तर पर कम से कम 70 गरीब बस्तियों एवं अस्पतालों में फल वितरण करेंगी।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…