गोंडा में महिला का एक पैर काट के क‍िया अलग…

गोंडा में महिला का एक पैर काट के क‍िया अलग…

भंभुआ में पुरानी रंजिश में दबंगों ने विपक्षी के घर पर धावा बोल दिया। धारदार हथियार से गृहस्वामी की पत्नी का पैर काट दिया। बचाने दौड़े पति व बेटी पर भी जानलेवा हमला किया। घटना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र की है। पुल‍िस ने मुकदमा दर्ज कर ल‍िया है। आरोप‍ित की ग‍िरफ्तारी के प्रयास हो रहे हैं। ह्रदयव‍िदारक इस घटना की फोटो इतनी व‍िभत्‍स है क‍ि हम उसे पब्‍ल‍िश नहीं कर सकते हैं। उक्त क्षेत्र अंतर्गत मुंडेरवा के मजरा शुकुल पुरवा निवासी प्रेमलाल के घर पर गत बुधवार की रात घटना हुई। धारदार हथियारों से लैस पांच-छह लोगों ने गृहस्वामी की पत्नी मीना देवी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बदमाशों ने मह‍िला का एक पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग कर द‍िया। शरीर के अन्य भागों पर भी गंभीर चोटें आईं हैं। पत्नी को बचाने दौड़े प्रेमलाल व पुत्री रजनी पर भी हमलावर टूट पड़े। इससे यह दोनों भी घायल हो गए। गुहार सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने पुलिस को सूचित किया।मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कर्नलगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मीना देवी को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ व प्रेमलाल को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। रजनी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने प्रेमलाल की तहरीर पर माता बदल मिश्र, इनकी पत्नी रानी, पुत्र विवेक एवं पुत्री मीरा के विरुद्ध जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल कृष्ण कुमार राणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। घटना पुरानी रंजिश के कारण हुई।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…