खट्टर का प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त…

खट्टर का प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त…

चंडीगढ़, 26 अप्रैल । पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का 95 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शोक व्यक्त किया है। सीएम मनोहर लाल ने देश के सबसे अनुभवी नेता प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। देश की राजनीति के इतिहास में उनका नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। वे उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 21 वर्ष की आयु में गांव का सरपंच बनकर राजनीति की शुरुआत करने वाले प्रकाश सिंह बादल 95 वर्ष की आयु तक राजनीति में सक्रिय रहे और करीब 74 बरस से अधिक के राजनीतिक जीवन में हमेशा राजनीति के केंद्र में रहे। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि 43 वर्ष की आयु में पहली बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने प्रकाश सिंह बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री बने। आखिरी बार लगातार 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे।

पीएम मोदी ने कहा था भारत का नेल्सन मंडेला

मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश सिंह बादल को ‘स्वतंत्र भारत के नेल्सन मंडेला’ के रूप में वर्णित किया था। उन्होंने कहा था कि बादल भारत के नेल्सन मंडेला हैं। बादल साहब जैसे लोगों का एकमात्र अपराध यह है कि उनके राजनीतिक विचार सत्ता में बैठे लोगों से अलग थे। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल के देहावसान से भारतीय राजनीति के एक ऐसे युग का अंत हो गया जिसने भारत की आजादी से लेकर 21वीं सदी तक बनते और बदलते भारत को देखा था। उनका सद्भाव और आम लोगों से घुल मिल जाने का गुण उन्हें बिलकुल अलग राजनेता के तौर पर स्थापित करता था.

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…